राजस्थान में सूर्य देव के क्यों हो रहे तल्ख तेवर, जाने अगले चार दिन मौसम विभाग का अलर्ट
Rajasthan Weather News: राजस्थान में भीषण गर्मी का टॉर्चर अभी कुछ दिन ओर बढ़ने वाला है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह दौर अभी एक सप्ताह जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर चेतावनी दी है कि प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्म हवाएं यानी लू चलने वाली है। इन दिनों राजस्थान भीषण गर्मी में झुलस रहा है। अधिकतम तापमान में पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर का पारा सर्वाधिक 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। धौलपुर में 46.4, फतेहपुर (सीकर) में 46.3, जालोर में 46.2 और फलोदी का तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के 17 जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। फिलहाल राहत की कोई संभावना नजर नहीं आ रही क्योंकि आगामी दिनों में अधिकतम में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान हीटवेव/लू अलर्ट :18 मई
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज किए गए हैं। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया है। pic.twitter.com/S2frJL1r3i
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) May 18, 2024
मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार आज से आगामी चार दिन तक प्रदेश के लगभग सभी शहरों में लू चलने की संभावना है। विभाग की ओर से बाकायदा क्षेत्रवार अलर्ट जारी किया गया है।
आज शनिवार 18 मई और कल रविवार 19 मई को प्रदेश के 25 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। 12 जिलों चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, अलवर, बारां, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर और जोधपुर में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
अजमेर, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, जालौर, नागौर और पाली में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को भी प्रदेशभर में लू का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से एक और चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आगामी दो दिन में प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होना संभव है।
अधिकतम तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही एक और नया हीटवेव चलने की भी संभावना है जो कि आगामी 7 दिन तक एक्टिव रह सकता है। यानी फिलहाल आगामी एक सप्ताह तक लू से निजात मिलने की संभावना कम ही नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications