Hanuman Beniwal: हनुमान बेनीवाल ने सांसद पद से दिया इस्तीफा, जानिए क्यों छोड़ी सांसदी?
Hanuman Beniwal MLA Khinvsar Nagaur: राजस्थान के नागौर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हनुमान बेनीवाल ने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें संसद सदस्यता से त्याग पत्र दिया है।
आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (ट्विटर) पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ तस्वीर शेयर कर सांसद पद से इस्तीफा देने की जानकारी दी है।

हनुमान बेनीवाल के सांसदी छोड़ने के कारणों का तो पता नहीं चल पाया है, मगर हनुमान बेनीवाल राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में खींवसर सीट से चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में वे अब नागौर के सांसद की बजाय खींवसर के विधायक रहेंगे।
बता दें कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में खींवसर सीट पर कुल 37.97 प्रतिशत वोट पड़े। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से हनुमान बेनीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के रेवत राम डांगा को 2059 वोटों के मार्जिन से हराया था।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में आरएलपी का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। आरएलपी ने राजस्थान की 78 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। खींवसर सीट से सिर्फ हनुमान बेनीवाल ही जीत पाए। जबकि साल 2018 के चुनाव में आरएलपी के तीन प्रत्याशी विधायक बने थे।
हाल ही संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में भी हनुमान बेनीवाल सुर्खियों में रहे। दरअसल, दर्शक दीर्घा से संसद में कूदे युवक को पकड़ने वालों में सांसदों में से हनुमान बेनीवाल एक थे।
हनुमान बेनीवाल का जीवन परिचय
बता दें कि नागौर जिले के बरनगांव में रामदेव और मोहिनी देवी के घर 2 मार्च 1972 को जन्मे हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा चुनाव 2019 नागौर सीट से भाजपा के समर्थन से लड़ा था और जीतकर सांसद बने थे। खींवसर सीट को हनुमान बेनीवाल व आरएलपी का गढ़ माना जाता है। खींवसर सीट से हनुमान बेनीवाल 4 बार साल 2008, 2013, 2018 व 2023 के चुनाव में विधायक चुने जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications