पहले 'मन की बात' फिर शादी, पीएम मोदी को सुनने के लिए दूल्हे ने रोक दी रस्में
राजस्थान में एक शख्स ने 'मन की बात' को सुनने के लिए शादी की रस्में रोक दीं। उनके लिए कार्यक्रम स्थल पर खास इंतजाम किए गए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास कार्यक्रम 'मन की बात' के 100 एपिसोड पूरे हो गए, जिसका प्रसारण बीते रविवार को हुआ। इसको लेकर कई जगहों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, लेकिन राजस्थान से एक दिलचस्प मामला सामने आया।
दरअसल ऋषभ पोरवाल नाम के शख्स की रविवार को शादी थी। उन्होंने भीलवाड़ा का एक रिसोर्ट बुक किया था। वो मोदी के 'मन की बात' के सारे एपिसोड पहले सुन चुके थे, ऐसे में वो 100वां एपिसोड नहीं मिस करना चाहते थे।
उन्होंने शादी से पहले एक शर्त रख दी कि वो 'मन की बात' जरूर सुनेंगे। अब बात दूल्हे की थी, ऐसे में तुरंत रिसोर्ट में एक एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई। जिसके बाद ऋषभ ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के साथ 'मन की बात' का 100वां एपिसोड सुना।
ऋषभ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया। ऐसे में वो 'मन की बात' के 100वें एपिसोड को मिस नहीं करना चाहते थे। वो बाकी के 99 एपिसोड भी सुन चुके हैं, उनका मानना है कि पीएम मोदी के संबोधन से उन्हें हमेशा कुछ ना कुछ सीखने को मिला।
वहीं दूसरी ओर वो अंजलि नाम की लड़की के साथ शादी के बंधन में बंधे। वो और उनके परिवार वाले भी इस फैसले से खुश थे। उन्होंने भी शादी की रस्में रोककर इस प्रोग्राम को सुना। जब पीएम का संबोधन खत्म हुआ, तो रस्में फिर से शुरू हो गईं।
चार लाख सेंटर पर लोगों ने सुना
'मन की बात' की पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जो 2014 से प्रसारित हो रहा। इसके 100 एपिसोड पूरी होने पर देशभर में खास कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लाइव प्रसारण के लिए देशभर में बूथ स्तर पर चार लाख सेंटर बनाए गए। कई केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम को सुना।












Click it and Unblock the Notifications