दुस्साहस : राजस्थान में बजरी माफिया ने होमगार्ड जवान की ट्रैक्टर से कुचल कर की हत्या
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले के मंडावर इलाके से बजरी माफिया के दुस्साहस की खबर आई है। मंडावर पुलिस थाना क्षेत्र के गढ़हिम्मतसिंह गांव के पास बजरी खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। बजरी से भरे ट्रैक्टर पर चढ़े बाड़मेर निवासी बॉर्डर होमगार्ड भवानी सिंह को ट्रैक्टर चालक ने पहले धक्का मारकर नीचे फेंक दिया और फिर उसे कुचलकर मार डाला।

जानकारी के अनुसार खनन विभाग की टीम ने बाणगंगा नदी इलाके के मंडावर के गढ़हिम्मतसिंह के पास बीरासना रोड पर बजरी से भरे तीन ट्रैक्टरों को रोक कर जब्त किया था। तीनों ट्रैक्टर लेकर टीम मंडावर पुलिस थाने के लिए रवाना हुई थी।
एक ट्रैक्टर में बोर्डर होमगार्ड जवान भवानी सिंह भी था। इस बीच ट्रैक्टर चालक ने बोर्डर होमगार्ड के जवान को चोटिल कर धक्का मारकर चलते हुए ट्रैक्टर से नीचे धकेल दिया। फिर उसने चालक को कुचलने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जवान को गंभीर रूप से घायलावस्था में मंडावर के अस्पताल लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे दौसा रैफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान होमगार्ड जवान की मौत हो गई। सूचना के बाद महुवा सीओ शंकरलाल मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी ली।
सीओ शंकरलाल का कहना है कि अभी कोई पुलिस रिपोर्ट नहीं मिली है। दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए गए हैं। घायल जवान का दौसा में उपचार जारी है। जवान बाडमेर का रहने वाला बताया जाा रहा है। दौसा कलक्टर पीयूष समरिया भी जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। कलक्टर ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद सब कुछ साफ होगा।












Click it and Unblock the Notifications