राजस्थान में करंट हादसा: एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में खत्म हुआ पूरा परिवार, पति-पत्नी व भाई-बहन की मौत
राजस्थान के सलूंबर में करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। सबकी जान लोहे के दरवाजे में आ रहे करंट से एक-दूसरों को बचाने के चक्कर में चली गई।
राजस्थान के नए जिले सलूंबर के गांव ढिकिया में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर करंट की चपेट में आए परिजन को बचाने के चक्कर पूरा परिवार खत्म हो गया।
घर पर लोहे के दरवाजे में आए चपेट की वजह से मरने वालों में पति-पत्नी व बेटा-बेटी शामिल हैं। हादसे के बाद आस-पास के घरों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार गांव ढिकिया के कुन इलाके के 68 वर्षीय औंकार मीणा के घर के आगे लोहे के गेट में गुरुवार को अचानक करंट आने लगा।
औंकार गेट से बाहर निकल रहा था। तब वह करंट की चपेट में आ गया और चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर पत्नी भंवरी मीणा दौड़ी और पति को बचाने के लिए जान की बाजी लगा दी।
माता-पिता को करंट की चपेट में आया देख 25 वर्षीय बेटा देवीलाल और 22 वर्षीय बेटी मंगी उनको बचाने को दौड़े। औंकार व भंवरी के साथ देवीलाल व मंगी भी करंट की चपेट में आ गए।
चारों ने मौके पर ही दम तौड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से आस-पास के घरों में गुरुवार रात को चूल्हे नहीं जले।












Click it and Unblock the Notifications