Rajasthan: कोर्ट में सुनवाई के दौरान जज ने दी तारीख तो गुस्साए बंदी ने फेंकी चप्पल
राजस्थान के भीलवाड़ा जिला एवं सेशन न्यायालय के एसीजेएम कोर्ट में विचाराधीन कैदी द्वारा जज पर चप्पल फेंकने का मामला सामने आया है। चोरी के केस में दो साल से जेल में बंद कैदी मामले की सुनवाई के दौरान अगली तारीख मिलने पर गुस्सा हो गया था।

जानकारी के अनुसार चोरी के आरोपी इस्माइल खान को एसीजेएम कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। उसे मजिस्ट्रेट रुपिंदर सिंह की कोर्ट में पेश किया गया। इस्माइल की जमानत पर सुनवाई होनी थी। इस दौरान किसी बात को लेकर इस्माइल आक्रोशित हो गया और उसने अपने पैर से चप्पल निकालकर मजिस्ट्रेट के सामने फेंक दी।
जज के सामने बंदी द्वारा चप्पल फेंकने से एक बारगी तो हर कोई सकते में आ गया। बाद में यह बात सामने आई कि जमानत पर सुनवाई के दौरान अगली तारीख मिलने पर इस्माइल गुस्सा हो गया था। चप्पल फेंकने के बाद उसको पेशी पर लेकर आए जवानों ने दबोच लिया और कोर्ट कक्ष से बाहर ले गए।












Click it and Unblock the Notifications