Rajasthan Accident: शादी के छह दिन बाद दूल्हा-दुल्हन की मौत, बिखलती मां सबसे पूछती रही एक सवाल
Dulha Dulhan Accident in Rajasthan: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदगी छीन ली। खमेरा पुलिस थाना क्षेत्र की नाडा तोड़ घाटी में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें नवविवाहित दंपती और महिला का भाई मौके पर ही मौत के घाट उतर गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और मुडासेल गांव में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना दोपहर के समय हुई जब सुनील, उसकी पत्नी अंजू और अंजू का भाई कन्हैयालाल बाइक से खेरड़ी पाड़ा की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार करीब 100 फीट तक बोलेरो के साथ घिसटते चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो की गति अत्यधिक तेज थी और चालक ने ब्रेक तक नहीं लगाए।

मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। सुनील और अंजू की शादी को महज छह दिन ही बीते थे। दोनों ने एक नया जीवन शुरू किया ही था कि यह दुखद अंत हो गया। अंजू का भाई कन्हैयालाल, जो संभवतः उन्हें मायके या ससुराल छोड़ने जा रहा था, भी इस हादसे में काल के गाल में समा गया।
यह भी पढ़ें- शहीद सुरेंद्र कुमार मोगा को अंतिम सैल्यूट, पत्नी सीमा बोलीं- 'I Love You, प्लीज यार उठ जा', देखें वीडियो वायरल
घटना की सूचना मिलते ही खमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बोलेरो और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। मृतक सुनील के पिता भगवानलाल ने थाने में लिखित शिकायत देकर बोलेरो चालक पर गैर-जिम्मेदाराना और लापरवाह ड्राइविंग के साथ हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बोलेरो चालक की पहचान की जा रही है। फिलहाल वह हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है। गांव में तीन शव एक साथ पहुंचने से मातम पसर गया। परिजन बेसुध हैं। अंजू की मां बिलख-बिलख कर यही कहती रही, "छह दिन पहले डोली उठी थी, अब बेटी की अर्थी क्यों उठ रही है?"
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे के दोषी को सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह न उजड़े। साथ ही ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी के लिए कैमरों, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की भी मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications