दिल्ली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी राजस्थान में बोले- अयोध्या में बनकर रहेगा राम मंदिर
अजमेर। बीजेपी के दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने राजस्थान में पार्टी के प्रचार कार्यक्रम के दौरान राम मंदिर को लेकर बयान दिया। तिवारी ने कहा है कि मंदिर अयोध्या में बनकर रहेगा, अगले ढाई महीने में इसका निर्णय हो जाएगा।

बता दें कि शुक्रवार को मनोज तिवारी सूबे की उच्च शिक्षामंत्री व राजसमंद से भाजपा की प्रत्याशी किरण माहेश्वरी के समर्थन में चुनावी सभा के लिए गए हुए थे। यहां उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राम मंदिर तो बनकर ही रहेगा। जनवरी माह में इसकी अगली सुनवाई है। ऐसे में केवल मात्र ढ़ाई माह में इसका निर्णय आ जाएगा, जो कि हिन्दुओं के पक्ष में ही रहना है।

तिवारी ने आगे कहा, राम मंदिर बनकर तैयार हो जाए, इसलिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह लगे हुए हैं। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने भी हिन्दुओं के पक्ष में ही फैसला किया है। तिवारी ने कहा कि मूल झगड़ा पूर्व में यह था कि यहां मस्जिद थी या मंदिर था। जिसे सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया है कि वहां प्राचीन समय से राम मंदिर ही था। ऐसे में राम मंदिर बनने से कोई रोक नहीं सकता।

आतंकियों से मिलने वाला कांग्रेस का मंत्री
तिवारी ने इस दौरान कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से देश के टुकड़े करने की राह पर चली है। अब भी एक कांग्रेस का मंत्री पाकिस्तान के आतंकवादियों के साथ मिलता है जिसकी फोटो भी आती है। इसके बावजूद भी क्या राहुल गांधी ने उसे अपनी पार्टी से निकाला और उसे बढ़ावा दिया जा रहा है। तिवारी ने कहा कि एक मात्र भाजपा ऐसी पार्टी है, जो सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।












Click it and Unblock the Notifications