राजस्थान में चार दिन से कुएं में भूखा-प्यासा पड़ा रहा युवक, फिर ऐसे जिंदा निकला बाहर
दौसा। 'जाको राखे साइयां मार सके न कोय, बाल न बांका करि सके जो जग बैरी होय' यह कहावत राजस्थान के दौसा जिले के सदर पुलिस थाना इलाके भांडारेज मोड़ इलाके में चरितार्थ हुई है। यहां पर एक युवक चार दिन से सूखे कुएं में भूखा प्यासा पड़ा रहा। जिंदा बाहर निकलने के बाद युवक ने आपबीती बताई जिसे सुनकर पुलिस भी चौंक गई।

रोजाना मदद के लिए चिल्लाता था
दौसा सदर पुलिस थाने के ड्यूटी ऑफिसर नरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना एनएच 21 और दिगंबर कॉलेज के पास की है। यहां पर कुएं में गिरने के बाद युवक रोजाना मदद के लिए चिल्लाता था, मगर चार दिन तक किसी को पता नहीं चला। फिलहाल युवक को कुएं बाहर निकालकर दौसा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कॉलेज संचालक ने सुनी आवाज
वहीं, कॉलेज संचालक शीशराम गुर्जर ने बताया कि हम कॉलेज के ऑफिस में बैठे हुए थे। हमें कुएं में से 'बचाओ...बाहर निकालो...' जैसी आवाज आई तो हम कुएं पर पहुंचे। वहां जाकर देखा कि एक युवक कुए के अंदर पड़ा हुआ है।

पुलिस ने जिंदा निकाला बाहर
युवक ने पीने के लिए पानी और खाना मांगा। कॉलेज संचालक ने रस्सी की सहायता से युवक तक पानी और खाना पहुंचाया। फिर दौसा सदर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रस्सी के जरिए उसे बाहर निकाला।

दौसा का रहने वाला है युवक
युवक की पहचान दौसा वार्ड नंबर मोड़ा पट्टी का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि चार दिन पहले इधर से गुजर रहा था। तब गलती से कुएं में गिर गया। वहीं, युवक के परिजनों ने कल ही दौसा पुलिस अधीक्षक उसकी गुमशुदगी के बारे में ज्ञापन दिया था।












Click it and Unblock the Notifications