राजस्थान: बाड़मेर में फिर हैवानियत, दलित महिला को रेप के बाद जलाया जिंदा
राजस्थान में एक बार फिर हैवानियत हुई है। बाड़मेर से दलित महिला को रेप के बाद जिंदा जलाने का मामला सामने आया है।

राजस्थान के बाड़मेर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के बालोतरा कस्बे में एक दलित महिला के घर में घुसकर पहले दुष्कर्म किया और फिर शरीर पर थिनर डालकर आग लगा दी। महिला बुरी तरह से जल गई, जिसकी जोधपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के मुताबिक बाड़मेर जिले के बालोतरा कस्बे में 6 अप्रैल को 45 वर्षीय दलित महिला के साथ उसके पड़ोसी ने कथित रूप से रेप किया। और फिर उसको थिनर डालकर आग के हवाले कर दिया। चार बच्चों की मां इतनी जल गई थी कि उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी शकूर खान को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के भाई के मुताबिक गुरुवार को उसकी बहन का पति बालोतरा काम पर चला गया था। बच्चे भी दोपहर के समय स्कूल में थे तो पीछे से पड़ोसी शकूर घर में घुसा और महिला से जबरदस्ती की।
इसके बाद आरोपी ने महिला के चेहरे पर थिनर डाल कर आग लगा दी। चिल्लाने की आवाज सुनकर पीड़िता की बहन और बाकी के लोग आए, लेकिन उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुका था। अब इस घटना के बाद लोगों में रोष है।
वहीं घटना से गुस्साए लोगों ने पहले थाने के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद महिला के परिजनों के आरोप पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ धारा 376, 326, 450 और SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया, जिसमें धारा 302 भी जोड़ दी गई।












Click it and Unblock the Notifications