राजस्थान में पकड़ा गया कुख्यात डकैत धीरा गुर्जर, पुलिस ने पूरे जंगल को घेरा तब मिली कामयाबी
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले की सरमथुरा थाना पुलिस ने गुरुवार को एक कुख्यात डकैत को पकड़ने में सफलता हासिल की है। डकैत धीरा गुर्जर पर पांच हजार रुपए का ईनाम भी रखा हुआ था। पकड़े गए डकैत धारा पर धौलपुर और करौली जिले में हत्या, लूट, फिरौती, मुठभेड़, अपहरण, हत्या के प्रयास, चौथ वसूली के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उप अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में डांग क्षेत्र को भयमुक्त बनाने के लिए दस्युओं की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए डकैत रामलखन और केशव गुर्जर की गैंग के सक्रिय सदस्य कुख्यात डकैत धीरा उर्फ धीरज गुर्जर को बिरजा के जंगलों से घेराबंदी कर दबोचा है।
पकड़े गए दस्यु धीरा गुर्जर पर धौलपुर पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच हजार का ईनाम घोषित है। पुलिस ने पकड़े गए डकैत के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया हैं। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए डकैत से पूछताछ शुरू कर दी है जिससे और भी कई वारदातों के राजफाश होने की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications