फेसबुक LIVE कर बता रहा था सांप से बचाव का तरीका, थोड़ी देर बाद कोबरा के ही डसने से हुई मौत
जयपुर, अगस्त 18: राजस्थान के पाली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। फेसबुक लाइव में सांप से बचने के तरीके बता रहे युवक को उसी सांप ने डंस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। दरअसल ये युवक सांपों को पकड़ने का एक्सपर्ट था। जब उसके साथ ये हादसा हुआ तब वहीं कई लोग उसके आसपास खड़े होकर उसे सुन भी रहे थे। बताया जा रहा है कि, घटना के कुछ देर बात युवक की मौत हो गई।

मनीष वैष्णव प्रोफेशनल तौर पर सांप पकड़ने का काम करता था
पाली जिले के शेखावत का रहने वाला 19 साल का मनीष वैष्णव प्रोफेशनल तौर पर सांप पकड़ने का काम करता था। मनीष को सापों का एक्सपर्ट कहा जाता था, वहां जब कभी भी सांप निकलता था तो उसी को बुलाया जाता था। वह करीब 200 सांपों को पकड़कर सुरक्षित जगह पर छोड़ चुका था। इसी कड़ी में मंगलवार को एक खेत में मनीष ने सांप को पकड़ लिया था। वह उसे नदी में छोड़ने ही जा रहा था।

सांप पकड़ने के दौरान उसकी जरा सी चूक भारी पड़ गई
इसी बीच में किसी ने वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया तो किसी ने फेसबुक पर लाइव भी कर दिया जिससे अन्य लोग भी मनीष की इस कला से वाकिफ हो सकें लेकिन इसी दौरान ये हादसा हो गया। मनीष वैष्णव सांप को पकड़कर नदी में छोड़ने जा रहा था, लेकिन इस बार सांप पकड़ने के दौरान उसकी जरा सी चूक भारी पड़ गई। अचानक मनीष की पकड़ कोबरा पर ढीली हो गई और उसने पलटकर मनीष को डस लिया।

सांप के काटने के बाद मनीष की कुछ देर बात तबियत बिगड़ने लगी
जैसे ही मनीष को सांप ने डसा वो चिल्लाया 'सांप ने काटवो'। इतना ही नहीं सांप के डसने के बाद भी मनीष ने अपना वीडियो पूरा किया जिसमें कहा कि मैंने जो गलती करी वैसी गलती आप न करें। सांप के काटने के बाद मनीष की कुछ देर बात तबियत बिगड़ने लगी। मनीष के परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे जोधपुर के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

बिना पैसे लिए वह लोगों के घरों से सांप पकड़ता था
बताया जा रहा है कि मनीष एक सीधा-साधा लड़का था लेकिन उसे सांपों का बड़ा शौक था, वह उन्हें कभी मारता नहीं था। धीरे-धीरे मनीष वैष्णव सांप को पकड़ने में एक्सपर्ट हो गया। शहर में किसी भी घर में सांप घुसता तो मनीष के पास कॉल आ जाता था। बिना पैसे लिए वह लोगों के घरों से सांप पकड़ता था।
देखें मौत का लाइव वीडियो
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनीष के पिता की कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। जिसके बाद घर की जिम्मेदार मां कांता देवी के कंधों पर थी। मनीष एक फैक्ट्री में काम करता था। जिससे उसके घर का खर्चा चलता था। तीन भाई बहनों में मनीष सबसे छोटा था। मनीष की मौत के बाद उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। साथ उसके मोहल्ले को लोग भी मनीष की मौत से सदमें में हैं।












Click it and Unblock the Notifications