'मेरे बेटे वैभव गहलोत को ED में हाजिर होने का समन', CM गहलोत ने किया ट्वीट, जानिए किस मामले में होगी पूछताछ
Ashok Gehlot's son Vaibhav Gehlot ED: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को राज्य में विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले (foreign exchange violation case) में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तलब किया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''मेरे बेटे वैभव गहलोत को ED में हाजिर होने का समन।''
सीएम अशोक गहलोत ने आगे लिखा, ''अब आप समझ सकते हैं, जो मैं कहता आ रहा हूं कि राजस्थान के अंदर ED की रेड रोज इसलिए होती है क्योंकि भाजपा ये नहीं चाहती कि राजस्थान में महिलाओं को, किसानों को, गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटियों का लाभ मिल सके।'

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव गहलोत को शुक्रवार (27 अक्टूबर) को जयपुर या नई दिल्ली में जांच एजेंसी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।
ये समन राजस्थान स्थित आतिथ्य समूह ट्राइटन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और वर्धा एंटरप्राइजेज प्रा. लिमिटेड के खिलाफ हाल ही में ईडी की छापेमारी से जुड़े हैं।
जानिए क्या है विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामला?
विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामला ईडी की जांच के दायरे में तब आया जब जयपुर के दो निवासियों ने 2015 में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में कहा गया था कि भव गहलोत ने मॉरीशस स्थित 'शिवनार होल्डिंग्स' नाम की कंपनी से अवैध धन की हेराफेरी की थी। ये एक शेल कंपनी हो सकता है। शिकायत के मुताबिक, 2011 में होटल के 2,500 शेयर खरीदकर मॉरीशस स्थित फर्म से ट्राइटन होटल्स को फंड डायवर्ट किया गया था।
इस साल की शुरुआत में भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के काले धन को सफेद करने के लिए कुछ व्यावसायिक उद्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सीएम के बेटे वैभव गहलोत के व्यापारिक सहयोगी बताए गए एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत में धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।












Click it and Unblock the Notifications