बोले सीएम अशोक गहलोत-आखिर पीएम मोदी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील क्यों नहीं करते?
जयपुर, 07 जुलाई। 'हाल ही में कुछ विवादित बयानों की वजह से देश के लोगों का गुस्सा चरम पर है, इन बयानों के कारण देश में कुछ हिंसक घटनाएं हुई हैं लेकिन पीएम मोदी का ध्यान इस ओर है ही नहीं' ये कहना है सीएम अशोक गहलोत का, जो गुरुवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए बोले कि 'मैं पीएम मोदी से हाथ जोड़कर अपील करना चाहता हूं कि वो लोगों से कहें कि वो प्रदेशों में, देश में शांति-सद्भाव-प्यार-भाईचारा बनाए रखें और वो हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे।'

सीएम गहलोत ने कहा कि 'पता नहीं क्यों वो चुप हैं? उन्हें कुछ नजर क्यों नहीं आ रहा है? मैं फिर से प्रधानमंत्री जी से रिक्वेस्ट करूंगा कि आपको बार-बार हम लोग अपील ही तो कर रहे हैं, आपकी बात का असर होगा देश पर लेकिन नहीं आप तो कुछ कर ही नहीं रहे हैं। पता नहीं उनके एडवाइजर कौन हैं जो उनको एडवाइज नहीं दे रहे हैं कि आपको अपील करनी चाहिए समय रहते हुए, पहले अपील की थी एक बार जब लिंचिंग हुई थी जब हम खुद कहते हैं कि उसका इम्पैक्ट पड़ा था तो अब तकलीफ क्या हो रही है उनको अपील करने में, उनकी अपील होती तो ऐसी घटनाएं भी नहीं होंगी।'
सीएम गहलोत ने कहा कि 'अभी एक अवसर था हैदराबाद में उनके पास, जहां अभी उनकी कार्यकारिणी की बैठक हुई थी, और वो सब बातें बोले हैं लेकिन शांति की अपील क्यों नहीं की उन्होंने? देश जल रहा है, तनाव है,गुस्सा लोगों के अंदर है, हिंसा है, ऐसे वक्त में प्रधानमंत्रीजी को आकर अपील करनी चाहिए लेकिन पता नहीं क्यों वो चुप्पी साधे हुए हैं।'
'मोदी सरकार केवल धर्म के नाम पर देश को बांटने में जुटी है'
मालूम हो कि उन्होंने इससे पहले कहा था कि 'मोदी सरकार केवल धर्म के नाम पर देश को बांटने में जुटी है लेकिन ये देश एक था और हमेशा अखंड रहेगा। देश में, आर्थिक स्थिति गर्त में जा रही है, क्या भविष्य है नौजवानों का, लेकिन इस सरकार पर जैसे किसी बात का असर ही नहीं हो रहा है, ये बहुत ज्यादा दुख की बात है।'












Click it and Unblock the Notifications