राजस्थान के देवली में बस स्टैंड बन गया अखाड़ा, टिकट को लेकर स्टूडेंट और कंडक्टर भिड़े
Rajasthan News: राजस्थान में आज एक बस स्टैंड यात्रियों के साथ झगड़े का अखाड़ा बन गया। एक स्टूडेंट यात्री और परिचालक मामूली कहासूनी को लेकर आपस में भिड़ गए। बस स्टैंड पर दोनों के बीच लात घूसे चलते रहे और लोगों की भी तमाशा देखती रही।
दरअसल पूरा मामला टोंक जिले के देवली शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर का है। जहां आज सोमवार सुबह बस स्टैंड उस समय अखाड़ा बन गया जब एक टिकट के विवाद को लेकर छात्र और परिचालक में लात घूसे चल गए।
बस स्टैंड एक बारगी तो लड़ाई का अखाड़ा नजर आया और थोड़ी देर के लिए बस स्टैंड पर अफरा तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो यह बस कोटा डिपो की थी। जिसे जयपुर जाना था।

बस सोमवार सुबह कोटा से रवाना होकर देवली पहुंची। इस दौरान कथित तौर पर जयपुर निवासी एक युवक व बस के परिचालक के बीच टिकट को लेकर विवाद हो गया।
परिचालक का कहना है कि रविवार को कोटा में एक एग्जाम हुआ था। लेकिन झालावाड़ निवासी यह युवक जयपुर जाने की जिद कर रहा था। इस पर उसे टिकट के लिए कहा गया। लेकिन वह स्टूडेंट होने के नाते जयपुर जाने की जिद करने लगा। जबकि यह युवक झालावाड़ निवासी है।
वही स्टूडेंट युवक का कहना है कि वह जयपुर रहता है। ऐसे में उसे सरकार के निर्देशानुसार निशुल्क जयपुर जाने से कोई नहीं रोक सकता।
इसी मामूली सी बात को लेकर रोडवेज बस से उतरते ही दोनों पक्ष में लात घुसे चल गए और एक दूसरे को गाली गलौच भी करते नजर आए।
यह हालत इस कदर थे कि रोडवेज बस स्टैंड परिसर में मौजूद होमगार्ड का जवान भी उनके सामने असहाय दिखा। दोनों जनों ने एक दूसरे के जमकर घूसे मारे।
सूचना पर देवली थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल रामेश्वर मौके पर पहुंचे, जो दोनों पक्ष के तीन जनों को थाने ले आए। तब जाकर मामला शांत हुआ। करीब 20 मिनट तक चल उक्त घटनाक्रम में अफरा तफरी मच गई।
इस दौरान पुलिस दो स्टूडेंट और बस के परिचालक को लेकर पुलिस थाने पहुंची। जहां कुछ ही मिनट में दोनों पक्षों के तेवर ढीले पड़ गए। परिचालक ने स्टूडेंट होने के नाते कार्रवाई से इनकार कर दिया। वही स्टूडेंट ने विवाद होने के चलते रिपोर्ट देने से मना कर दिया।
दोनों पक्षों में राजीनामा होने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। हेड कांस्टेबल रामेश्वर का कहना है कि दोनों पक्षों ने कार्रवाई से इनकार कर दिया एवं राजीनामा कर चले गए।












Click it and Unblock the Notifications