राजस्थान के बूंदी में लोग सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ सड़कों पर उतर आए, जानिए क्यों?
बूंदी। पश्चिम बंगाल में तीस्ता नदी में लापता हुए राजस्थान के बूंदी के युवकों की अभी भी तलाश जारी है। सातवें दिन मंगलवार तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। इससे गुस्साए सर्व समाज ने बूंदी जिला प्रशासन व बंगाल की ममता सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। ममता सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के समक्ष राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से पीड़ित परिवार सहित सर्व समाज के लोगों ने मदद करने की गुहार लगाई।

बता दें कि बूंदी जिले के तीन युवक घूमने के लिए सिलीगुडी गए थे। रास्ते में तीस्ता नदी में कार गिर गई थी। 10 जुलाई की यह घटना है। 4 दिन बाद बूंदी निवासी तीनों युवकों में एक युवक अमन गर्ग का तो 2 दिन पहले शव भी मिल गया, लेकिन अभी भी बूंदी निवासी दो युवक गौरव शर्मा व गोपाल नरवानी सहित एक चालक लापता है, जिसको लेकर सर्व समाज के लोगों ने पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त करते हुए नारेबाजी की और जिला कलक्ट्रेट पहुंच कर प्रदर्शन किया।

इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को बाहर बुलाने की मांग की। नहीं आने पर जिला कलक्टर के चैंबर के बाहर धरना देकर बैठ गए। बाद में बाहर आकर उपखण्ड अधिकारी ने लोगों सहित परिजनों से वार्ता की और ज्ञापन लिया।












Click it and Unblock the Notifications