राजस्थान में डॉन दाऊद के 3 मंजिला घर पर चला बुलडोजर, क्या है ऑपरेशन एंटी वायरस?
operation anti virus Rajasthan Police: राजस्थान पुलिस इन दिनों प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन एंटी वायरस चला रही है। इसी के तहत साइबर क्राइम के आरोपी पांच हजार के ईनामी दाऊद खान उर्फ डॉन दाऊद के तीन मंजिला घर पर बुलडोजर चला है।
दाऊद खान नए जिले डीग के गांव रायपुर सुकेती का रहने वाला है। इसके खिलाफ कोटा और डीग जिले में ऑनलाइन ठगी के तीन मामले दर्ज हैं। लंबे समय से राजस्थान पुलिस को इसकी तलाश है। यह फरार चल रहा है। आरोप है कि उसने ठगी के रुपयों से आलीशान बंगला बनाया, जिसे ऑपरेशन 'एंटी वायरस' के तहत कार्रवाई करते हुए जमींदोज कर दिया गया।

डीग के पुलिस अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि राजस्थान पुलिस अपराधियों को सबक सिखाने के लिए उनके खिलाफ मार्च 2024 से ऑपरेशन एंटी वायरस नाम से अभियान चला रखा है, जिसके तहत अब 400 से ज्यादा साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
ऑपरेशन एंटी वायरस के अंतर्गत डीग जिले के पुलिस थाना सीकरी क्षेत्र के गांव रायपुर सुकेती में निसार के बेटे साइबर ठग दाऊद खान के मकान पर बुलडोजर चलाया था। इसने साइबर ठगी के पैसों से वन विभाग की सरकारी जमीन पर तीन मंजिल मकान बना रखा था, जिसे ध्वस्त किया गया है।'
उधर, साइबर ठग दाऊद खान के मकान तोड़े जाने का वीडियो भरतपुर आईजी राहुल प्रकाश ने सोशल मीडिया एक्स पर भी शेयर किया। उन्होंने लिखा- 'साइबर क्राइम, अब और नहीं.... आज की कार्रवाई के लिए SP राजेश मीना, CO आशीष, SHO मुकेश और पूरी डीग पुलिस टीम को साधुवाद।'












Click it and Unblock the Notifications