Bull VIDEO Jaipur: लो-फ्लोर बस में घुसे सांड ने मचाया उत्पात, यात्री, कंडक्टर-चालक कूद भागे
Bull VIDEO Jaipur: जयपुर में सोमवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब दो सांड आपस में लड़ते-लड़ते एक लो-फ्लोर बस में घुस गए। बस स्टैंड पर खड़ी इस बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। डर के मारे यात्री खिड़कियों से कूदकर भागने लगे, वहीं ड्राइवर और कंडक्टर भी जान बचाकर बस छोड़कर भाग खड़े हुए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बस को काफी नुकसान पहुंचा।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?
हरमाड़ा थाना क्षेत्र के सीकर-जयपुर हाईवे पर टोड़ी मोड़ पर यह घटना रात करीब 8:30 बजे हुई। अजमेरी गेट से रवाना हुई यह बस हरमाड़ा जा रही थी, तभी अचानक दो सांड आपस में भिड़ते हुए बस के पास आ गए। इनमें से एक सांड बस के अंदर घुस गया और वहां उत्पात मचाने लगा, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

बस के अंदर घुसे सांड ने सीटों और शीशों को नुकसान पहुंचाया। इस बीच दूसरा सांड बस के बाहर खड़ा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस को आगे बढ़ाने के लिए कहा, लेकिन ड्राइवर और कंडक्टर खुद ही बस छोड़कर भाग चुके थे।
आधे घंटे तक मचा रहा हंगामा
करीब आधे घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह दोनों सांडों को अलग किया और उन्हें वहां से भगाया। सांडों के जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस में घुसा सांड शीशे तोड़ता दिख रहा है और ड्राइवर-कंडक्टर बस से कूदकर भागते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस घटना ने नगर निगम और प्रशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब यह लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनने लगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।












Click it and Unblock the Notifications