बाड़मेर में गलती से सीमा पार कर हिंदुस्तान में आ गया पाकिस्तानी बच्चा, BSF ने खिला-पिला कर लौटाया
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर में शुक्रवार को एक आठ साल का बच्चा गलती से सीमा पार कर हिंदुस्तान की सीमा में आ गया था। ये घटना शुक्रवार शाम की है। बीएसएफ के जवानों ने जब इस बच्चे को देखा तो तुरंत अधिकारियों को बताया। इसके बाद अधिकारियों ने बच्चे को पूरे सम्मान के साथ पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया।

Recommended Video
सेना को देखकर जोर-जोर से रोने लगा था बच्चा
जानकारी के मुताबिक, इस बच्चे की पहचान 8 साल के करीम के रूप में हुई है, जो नगर पारकर का रहने वाला है। बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक एमएल गर्ग ने बताया कि ये लड़का गलती से भारत की सीमा में घुस आया था। सेना को देखकर वो रोने लगा। जब उसे बाड़मेर में सीमा पर भारतीय सैनिकों ने पाया तो उसे चॉकलेट और खाना दिया गया। इसके बाद पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क करके उसे वापस भेज दिया। गर्ग ने कहा कि उन्होंने लड़के को सौंपने से पहले पाकिस्तानी सीमा रक्षक दल के साथ बैठक की।
इसी तरह भारत के मेघवाल फंसे हैं पाकिस्तान में
आपको बता दें कि इससे पहले बाड़मेर से ही 19 साल के गेमाराम मेघवाल पिछले साल 4 नवंबर को सीमा पार कर पाकिस्तान की सीमा के अंदर चले गए थे। वो तभी से पाकिस्तान में फंसे हुए हैं। बताया जाता है कि मेघवाल को पाकिस्तान की सिंध पुलिस ने हिरासत में रखा हुआ है। मेघवाल के प्रत्यार्पण की कोशिशें लंबे समय से की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications