Rajasthan: रात को सोते समय भाई-बहन को कोबरा ने काटा, बारिश में बढ़ गया सांपों का खौफ
राजस्थान में पर सो रहे दो मासूम भाई-बहनों को कोबरा सांप ने काट लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मामला बूंदी जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र के नया गांव का है।
राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडोली पुलिस थाना इलाके के नया गांव में हर किसी को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर अपने घर में पलंग पर सो रहे दो भाई-बहन को कोबरा सांप ने डस लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मासूमों की मौत से घर में कोहराम मच गया। बारिश के दिनों में इलाके में सांपों से खौफ बना हुआ है।

मरने वाले बच्चों की शिनाख्त नया गांव निवासी छीतरलाल भील के चार वर्षीय बेटे रोहित व नौ माह की बेटी भारती के रूप में हुई है। दोनों भाई 13 जुलाई की रात को घर पर पलंग पर सो रहे थे। रात को अचानक भारती रोने लगी। पिता छीतरलाल ने उठकर देखा तो भारती रो रही थी।
उसी दौरान छीतरलाल को दिखाई दिया कि एक सांप पलंग के पास से गुजर रहा था। भारती के पैर पर सर्पदंश का निशान था। परिजन भारती को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भारती की मौत के बाद घर पर अचानक भाई रोहित की भी तबीयत बिगड़ गई। अन्य परिजन रोहित को भी बूंदी अस्पताल लेकर गए। पता चला कि रोहित को भी सांप ने काट लिया था, मगर भारती को अस्पताल लेकर जाते समय तो परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी।
बूंदी अस्पताल लाने के बाद हालत गंभीर होने पर रोहित को भी डॉक्टरों ने कोटा रेफर कर दिया, जहां 18 जुलाई को उसकी भी मौत हो गई। सूचना पाकर हिंडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।












Click it and Unblock the Notifications