बारात लेकर नहीं आने पर दूल्हे के घर के बाहर दुल्हन का धरना, दीवार पर चस्पा किया शादी का कार्ड
भरतपुर, 8 मार्च। राजस्थान के भरतपुर में एनवक्त पर शादी टूटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा तो खुद दुल्हन अब दूल्हे के घर पहुंच गई है और उसके घर के बाहर धरना शुरू कर दिया है। साथ ही उसने दूल्हे के घर के बाहर अपनी शादी का पोस्टर भी चस्पा कर दिया है।
Recommended Video

दहेज की मांग की जा रही थी
दूसरी तरफ दुल्हन के पिता ने मथुरा गेट पुलिस थाने में इस संबंध में केस भी दर्ज करवाया है। दुल्हन के पिता का आरोप है कि दूल्हे की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण वह उनकी बेटी से शादी करने नहीं आया। दुल्हन को दूल्हे के घर के बाहर धरने पर बैठा देख मौके पर महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं।

सगाई 29 नवंबर को हुई थी
बता दें कि भरतपुर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी महेशचंद की बेटी खुशबू और प्रिंस नगर के निवासी वीरेंद्र कुंतल के बेटे कुशल कुमार की सगाई 29 नवंबर को हुई थी। चार मार्च को भरतपुर के स्वयंवर मैरिज होम में शादी होनी थी, लेकिन किसी बात को लेकर दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा।

दूल्हे और बारात का इंतजार किया
4 मार्च को दुल्हन और उसके परिजनों ने देर रात तक दूल्हे और बारात का इंतजार किया। सजी-धजी दुल्हन दूल्हे की राह ताकती रही लेकिन दूल्हा नहीं आया। उसके बाद दुल्हन के पिता ने मथुरा गेट थाने में मामला दर्ज कराया। 7 मार्च को दुल्हन खुशबू प्रिंस नगर कॉलोनी में दूल्हे कुशल कुमार के घर के बाहर धरने पर बैठ गई।

जब तक न्याय नहीं मिलेगा वह धरने पर बैठी रहेगी।
दुल्हन का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा वह धरने पर बैठी रहेगी। जैसे ही दुल्हन के धरने की सूचना पुलिस के पास पहुंची तो उसने वहां दुल्हन के पास महिला पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया।

दूल्हे के घर के बाहर धरने पर बैठी हुई है
दुल्हन खुशबू अभी भी दूल्हे के घर के बाहर धरने पर बैठी हुई है। उसका कहना है कि जब तक मैं जिंदा हूं, धरने पर बैठी रहूंगी। खुशबू ने न्याय की मांग की है। दुल्हन खुशबू का कहना है कि या तो दूल्हा कुशल कुमार उसके साथ शादी करें या फिर उसे सजा दी जाए. फिलहाल मामले का कोई समाधान नहीं निकल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications