Rajasthan News: उदयपुर में बंदूक की दुकान में ब्लास्ट, दो लोगों की हुई मौके पर मौत
Udaipur Blast News: राजस्थान के उदयपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक बंदूक की दुकान में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई।
विस्फोट की घटना के सूचना के बाद उदयपुर एसपी योगेश गोयल और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान में बारूद की वजह से अचानक तेज हवा के साथ बिजली गिरी और उसके बाद धमाका हुआ।

धमाका इतना तेज था कि खिड़की और दरवाजों के परखच्चे तक उड़ गए। धमाके के चलते आसपास के 500 मीटर के दायरे तक धमाके की आवाज सुनाई दी।
दरअसल पूरी घटना उदयपुर शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सवीना सब्सिडी सेंटर की है। जहां दोपहर करीब 3:30 बजे धमाका हुआ।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि राजेन्द्र देवपुरा एंड कंपनी की बिल्डिंग में हादसा हुआ। दुकान का मालिक राजेन्द्र बन्दूक खरीदने-बेचने और बनाने का काम करता था। दोपहर 3:30 बजे राजेन्द्र अपने एक मजदूर के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज धमाका हुआ और खिड़की दरवाजे उखड़ कर सड़क पर जा गिरे।
मृतकों में दुकान के मालिक राजेन्द्र देवपुरा तथा एक मजदूर का नाम शामिल है। जिनके शवों को शहर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है।
आईजी अजयपाल लाम्बा, एसपी योगेश गोयल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छगन पुरोहित ने मौके पर पहुंच कर स्थित का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार दुकान के मालिक राजेंद्र देवपुरा के पास दिसंबर 2023 तक का लाइसेंस था। जिन्होंने रिन्युअल के लिए अप्लाई कर रखा था।
ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल की टीम जांच कर रही है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए दुकान के आसपास का इलाका सील कर दिया गया है। बाकी बातें जांच बाद ही सामने आएंगी।
धमाका इतना तेज था कि एक व्यक्ति का शव सीढ़ियों पर पड़ा मिला तो दूसरे का शव सड़क पर आ गया था। पुलिस जब यहां पहुंची तो शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े मिले।
सूचना पर मौके पर आईजी अजयपाल लाम्बा, एसपी योगेश गोयल और DSP छगन पुरोहित पहुंचे। धमाके की आवाज आसपास के इलाकों तक पहुंची थी। ऐसे में बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान में बंदूक बनाने का काम होता था। ऐसे में यहां बारूद भी उपयोग में लिया जाता था। गोयल के अनुसार पुलिस जांच में जुटी है कि ब्लास्ट बिजली गिरने से हुआ या फिर शार्ट सर्किट से आग लगने पर? पुलिस ब्लास्ट के कारणों की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications