राजस्थान: भाजपा का पोलिंग एजेंट बनने पर समाज से किया बहिष्कृत, बेटी की शादी में कोई नहीं आया
Sawai Madhopur News in Hindi, सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर ज़िले के वजीरपुर क्षेत्र के बड़ौली गांव निवासी एक जने को लोकसभा चुनाव 2019 में 29 अप्रैल को हुए मतदान में बीजेपी का पोलिंग एजेंट बनना भारी पड़ गया है।

एक व्यक्ति ने ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के पंच पटेलों ने एक राय होकर उसे समाज से बहिष्कृत कर दिया। यही नहीं बल्कि अब गांव का कोई भी व्यक्ति उसके घर आता जाता नहीं है। इस संबंध में पीड़ित रामसहाय मीणा ने जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में 29 अप्रैल को राजस्थान की 13 सीटों पर मतदान हुआ था, जिनमें सवाई माधोपुर भी शामिल था। उस समय पीड़ित मतदान केन्द्र भाजपा का पोलिंग एजेंट बनकर बैठा था। उसने कथित रूप से ग्रामीणों द्वारा कांग्रेस के पक्ष में किए जाने वाले फर्जी मतदान का विरोध कर उसे रुकवा दिया था।
पीड़ित का कहना है कि बीजेपी का पोलिंग एजेंट बनाने और फर्जी मतदान रोकने को लेकर गांव के पंच पटेलों ने एक राय होकर उसे और उसके परिवार को समाज से बाहर कर दिया है। पीड़ित कहना है कि मतदान के बाद से ही गांव का कोई भी व्यक्ति उसके घर आता जाता नहीं है। इतना ही नहीं बल्कि गांव के पंच-पटेलों द्वारा उसके परिवार के लोगों गाली गलौच कर उन्हें अपमानित किया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि हाल ही उसने अपनी बेटी की शादी की थी। उसमें भी गांव का कोई भी व्यक्ति और पंच पटेल नहीं आए। जिसके चलते दूसरे गांव से आई बारात के सामने उसे बेहद नीचा देखना पड़ा। मामले की गंभीरता की देखते हुए सवाईमाधोपुर जिला कलेक्टर ने वजीरपुर एसडीएम सुनीता यादव को मामले की जांच के आदेश दिये हैं।
इसके बाद एसडीएम सुनीता यादव व पुलिस उपाधीक्षक प्रतापमल केडिया बड़ौली गांव पहुंचे, जहां मीना समाज की हथाई पर गांव के पंच-पटेल और पीड़ित परिवार की सामूहिक बैठक ली और दोनों पक्षों से वार्ता कर मामले की जानकारी ली।
वहीं इस मामले में गांव के पंच पटेलों का कहना है कि उनके द्वारा रामसहाय मीणा का सामाजिक बहिष्कार नहीं किया गया है। उसके द्वारा ग्रामीणों पर बेबुनियादी आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर एसडीएम सुनीता यादव व पुलिस उपाधीक्षक प्रतापमल केडिया द्वारा जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications