Bhiwadi Factory Fire: भिवाड़ी अग्निकांड के मृतकों के परिजनों को राजस्थान सरकार देगी 3-3 लाख रुपये मुआवजा
Bhiwadi Factory Fire: भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग से हुई जनहानि को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने "अत्यंत हृदयविदारक और दुखद" बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से तीन-तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को भी प्रत्येक पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र की इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है, और राज्य सरकार ने पीड़ितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
भिवाड़ी में कैसे हुआ ये हादसा?
बता दें राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार को एक रासायनिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से सात श्रमिकों की मौत हो गई। इस हादसे में दस अन्य मजदूरों के अभी भी फंसे होने की आशंका जताई गई थी। यह घटना सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई, जब फैक्ट्री में 20-25 कर्मचारी काम कर रहे थे।
चंद मिनटों में विकराल हो गई थी आग
आग कुछ ही मिनटों में निजी औद्योगिक इकाई से तेजी से फैल गई और फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ श्रमिक अपनी जान बचाने में सफल रहे। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमिता मिश्रा ने बताया, घटना का पता पुलिस की नियमित गश्त के दौरान चला।
पुलिस, दमकल कर्मी, मेडिकल टीमें और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत प्रयासों के लिए क्षेत्र को घेर लिया। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। तिजारा के पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह घटनास्थल पर प्रारंभिक जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक और अपर जिला मजिस्ट्रेट सहित वरिष्ठ जिला अधिकारी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने आग के कारणों और सुरक्षा प्रोटोकॉल में संभावित चूकों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रियल जांच की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना को "त्रासद और बेहद दुखद" बताया है।












Click it and Unblock the Notifications