राजस्थान की इस महिला ने एक बेटी पर करवाई नसबंदी, सब कर रहे इसकी प्रशंसा
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले की महिला कैलाश कंवर ने एक बेटी के जन्म पर ही नसबंदी करवाकर अनूठा उदाहरण पेश किया है। कैलाश कंवर बाड़मेर जिले के गांव धीरा की रहने वाली हैं। बाड़मेर के मोकलसर चिकित्सालय में गुरुवार को लगाए गए शिविर में कैलाश कंवर ने नसबंदी करवाई है। इनके ढाई साल की एक बेटी है।

गांव धीरा निवासी देवीसिंह ने बताया कि उनकी पहली की मौत के बाद उन्होंने कैलाश कंवर से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से एक बच्चा है। दूसरी पत्नी कैलाश कंवर से ढाई साल पहले बेटी खुशबू पैदा हुई। तब पति पत्नी ने निर्णय किया कि अब एक बेटी के बाद ही नसबंदी करवा लेंगे। कैलाश कंवर ने इस निर्णय को स्वीकार करते हुए बेटे की चाहत को तरजीह नहीं दी।
चिकित्साधिकारी डॉ. सत्ताराम भाखर ने बताया कि एक संतान पर नसबंदी करवाने वालों की संख्या गिनी चुनी है और इसमें भी एक बेटी पर नसबंदी करवाने के उदाहरण नहीं हैं। कैलाश कंवर का निर्णय सराहनीय है। बता दें कि मोकलसर चिकित्सालय में गुरुवार को लगाए गए शिविर में सर्जन डॉ. अरविंद कुमार, मगराज जीनगर, अमृतदास की टीम ने 22 महिलाओं के ऑपरेशन कर नसबंदी की। इस मौके पर कानसिंह सिसोदिया, मोहनलाल बारड, भोमाराम, युगलकिशोर वैष्णव, केशरीमल, गणपत लाल ने सेवांए दी।












Click it and Unblock the Notifications