RBSE 12th Arts Result 2020 :मजदूर का बेटा सरकारी स्कूल में पढ़कर लाया प्रथम स्थान
बाड़मेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने मंगलवार को 12वीं कला संकाय का रिजल्ट जारी कर दिया है। इसमें बाड़मेर जिले के धोरीमना क्षेत्र के लोहारवा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र प्रकाश जटिया ने 12वीं के कला वर्ग में 99.20 % अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रकाश अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों तथा माता-पिता को देना चाहता है और वह आगे प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहता है।

गौरतलब है कि प्रकाश के पिता मजदूरी करते हैं। प्रकाश ने 10वीं में भी 96% हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा प्रकाश का कहना है कि मैंने 7 से 8 घंटे लगातार मेहनत कर इस मुकाम को हासिल किया है और मंगलवार को जब रिजल्ट आया है उसके बाद बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस रिजल्ट की सूचना उसने सबसे पहले अपने पिताजी को फोन करके दी।

बता दें कि लॉकडाउन के बाद प्रकाश जटिया बाड़मेर जिला मुख्यालय स्थित जटिया समाज छात्रावास में रह कर निरंतर पढ़ाई कर रहा है। बाड़मेर जिले के छोटे से गांव में सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना इस बात को दर्शाता है कि प्रदेश की सरकारी स्कूलों की शिक्षा प्रणाली में सुधार हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications