दूल्हा करता रहा 7 फेरों का इंतजार और दुल्हन फिल्मी स्टाइल में प्रेमी के साथ भाग गई
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के खमेरा थाना क्षेत्र के ढारमा गांव में शनिवार देर रात दुल्हन कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। रविवार सुबह 5 बजे बारात पहुंची और दुल्हन के फरार होने की सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। इस पर दूल्हा पक्ष के लोग भी गुस्सा हो गए। दिनभर दोनों पक्षों में समझाइश चलती रही। फिर शाम को दूल्हा बारातियों के साथ खमेरा थाना में पहुंचा और दुल्हन के पिता व प्रेमी के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद बारात बैरंग वापस लौट गई।
शादी की सभी रस्में हो गई थीं पूरी
पुलिस के अनुसार खमेरा थाना क्षेत्र के बीजोरा के कालू व ढारमा गांव की रवीना की नौ जून को शादी होने थी। 2 दिन 3 दिन पूर्व आदिवासी रीति रिवाज के अनुसार सभी तरह की सामाजिक व वैवाहिक रस्में पूरी कर दी गई थी। दूल्हे के घर नोतरा रस्म भी अदा हो गया लेकिन शनिवार देर रात दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
अप्रेल में कालिया भगाकर ले गया था दुल्हन
दो माह में बांसवाड़ा जिले में 7 फेरों से पहले दुल्हन का लापता हो जाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले खमेरा पुलिस थाना इलाके के गांव पादरपाड़ा कला कुमारी की शादी पड़ोली पंचायत के बिजोर निवासी विकास के साथ तय हुई थी। शादी से पहले कला अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। दुल्हन के पिता ने रामली निवासी कालिया पुत्र लक्ष्मण पर उसकी बेटी को आभूषण समेत भगाने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।