जींस पहनकर आने पर कलेक्टर मोदी ने डांटा तो तहसीलदार ने दिया इस्तीफा, बोले-' जमीर सहमति नहीं देता'
जींस पहनकर आने पर कलेक्टर मोदी ने डांटा तो तहसीलदार ने दिया इस्तीफा, बोले-' जमीर सहमति नहीं देता'
भीलवाड़ा, 31 अगस्त। राजस्थान के भीलवाड़ा में दो अधिकारियों के बीच टकराव का मामला सामने आया है। काम की कम प्रोग्रेस और जींस पहनकर आने पर भीलवाड़ा जिला कलेक्टर ने डांटा तो आसींद तहसीलदार ने इस्तीफा ही दे दिया। हुआ यूं कि मंगलवार को भीलवाड़ा जिला कलेक्टर आशीष मोदी राजस्व अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। कलेक्टर ने आसींद तहसीलदार प्रवीण चौधरी को बैठक से बाहर निकाल दिया।

जिला कलेक्टर ने पहले तो आसींद तहसीलदार को काम में कम प्रगति पर उन्हें डांटा। आसींद एसडीएम की अनुपस्थिति में उनसे कुछ जानकारी मांगी। वे नहीं दे सके। इस पर उन्हें खड़ा होकर बाहर जाने को बोल दिया। तहसीलदार खड़े हुए तो कलेक्टर ने उनको जींस पहनकर आने पर भी फटकार लगाई और बैठक से बाहर निकाल दिया। इसके बाद शाम को तहसीलदार प्रवीण चौधरी ने राजस्व मंडल अध्यक्ष अजमेर को अपना त्याग पत्र भेज दिया।
आरटीएस 2018 में चयनित प्रवीण चौधरी नायब तहसीलदार लगे थे। 22 दिन पहले ही उनको पदोन्नति मिली और वे तहसीलदार बन गए थे। इस्तीफा देने के बाद एसडीएम संजय कुमार काकड़ तहसीलदार को देर रात तक समझाते रहे।आंसीद तहसीलदार प्रवीण चौधरी ने कहा कि मैं मानता हूं कि मेरे कर्तव्य निर्वहन में व्यापक खामियां थीं। कलेक्टर महोदय ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में जो मेरे साथ किया। इससे मेरे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ खिलवाड़ हुआ।
तहसीलदार ने इस्तीफे में महात्मा गांधी के एक कथन का हवाला देते हुए लिखा कि मेरी अंतरात्मा-जमीर मुझे सहमति नहीं देता है कि मैं इस पद पर पदस्थापित रहूं। शायद मेरा यह फैसला भावनात्मक हो सकता है पर मेरे नैतिक मूल्यों के लिहाज से यही सही है।












Click it and Unblock the Notifications