Amraram Tractor VIDEO : कौन हैं राजस्थान से CPIM सांसद अमराराम, जो ट्रैक्टर लेकर पहुंचे संसद में
Amrarm on Tractor in Parliament session Delhi: 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून को शुरू हुआ। पहले दिन शपथ लेने के लिए देशभर से सांसद दिल्ली पहुंचे हैं। हर किसी की नजर सीकर सांसद अमराराम पर रही, जो ट्रैक्टर पर सवार होकर आए। इसकी बड़ी वजह यह भी है कि अमराराम की छवि किसान नेता की है।
राजस्थान के सांसद दिल्ली में राजस्थान हाउस में ठहरे हुए थे। सुबह जब लोकसभा सत्र में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए तो सांसद अमराराम ने लग्जरी गाड़ी की बजाय किसानों के प्रतीक के रूप में ट्रैक्टर को चुना। ट्रैक्टर पर सवार होकर अमराराम राजस्थान हाउस से लोकसभा के मुख्य द्वार तक गए।

ट्रैक्टर पर सवार होकर लोकसभा जाते वक्त सीकर सांसद कामरेड अमराराम ने कहा कि ट्रैक्टर किसानों का प्रतीक है। यह तो किसानों का हेलीकॉप्टर है। किसानों आंदोलन के समय मोदी सरकार ने किसानों के ट्रैक्टरों को दिल्ली में नहीं घुसने दिया था, मगर अब वे किसान आंदोलन की याद ताजा करते और किसानों का प्रतीक बनकर ट्रैक्टर से जा रहे हैं।
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में सीकर माकपा जिला सचिव किशन पारीक ने बताया कि अमराराम सांसद बाद में और किसान नेता पहले हैं। देश में किसान आंदोलन चला था तब राजस्थान-हरियाणा सीमा पर शाहजहांपुर बॉर्डर के पास किसानों ने 13 माह तक अमराराम के नेतृत्व में पड़ा डाला।
किशन पारी कहते हैं कि अमराराम ने लोकसभा चुनाव 2024 में सीकर संसदीय क्षेत्र से चुनाव भले ही माकपा व इंडिया गठबंधन के तहत जीता है, मगर संसद में किसानों की आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है। पूर्व में मोदी सरकार द्वारा लाए गए काले कानून निरस्त करवाने, एमएसपी की गारंटी का कानून बनवाने और अग्निवीर योजना को बंद करवाने के लिए सांसद अमराराम पुरजोर कोशिश करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सीकर जिले की साल 1993 व 2013 के बीच धोद व दांतारामगढ़ सीट से चार बार विधायक रहे अमराराम साल 1996 से 2019 के बीच छह बार लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। सातवें प्रयास में 2024 में पहली बार सांसद बने हैं।
इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस ने इस बार सीकर में उम्मीदवार नहीं उतारा था और यह सीट माकपा के अमराराम के लिए छोड़ दी थी। अमराराम ने सीकर से भाजपा के मौजूदा सांसद स्वामी सरस्वती को 70 हजार 819 वोटों से हराया।
लोकसभा चुनाव 2024 में सीकर सीट पर अमराराम को कुल 6 लाख 59 हजार 300 वोट और भाजपा के सुमेधानंद सरस्वती को 5 लाख 86 हजार 404 वोट मिले।












Click it and Unblock the Notifications