जैसलमेर: भारत-पाक सीमा के पास वायुसेना का MiG21 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट शहीद
जैसलमेर, 24 दिसंबर। राजस्थान के जैसलमेर में भारतीय वायुसेना का एक MiG21 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में पायलट शहीद हो गया है। घटना सम थाना क्षेत्र के बीदा गांव की बताई जा रही है, सूत्रों से मिली जानकारी, गोडावण ब्रीडिंग सेंटर सुदासरी के पास विमान क्रैश हुआ है। जिला कलेक्टर आशीष मोदी सहित प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेन्स की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बता दें कि बिदा गांव सम सेंड ड्यून्स से लगभग 16 किमी दूर है। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है। बता दें कि इस महीने यह दूसरा सैन्य विमान हादसा है, 8 दिसंबर को तमिलनाडु में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 11 अन्य सैन्य अधिकारी शहीद हो गए थे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वायुसेना के विमान हादसे में पायलट की दर्दनाक मौत हो गई है, घटना स्थल के पास पायलट के शरीर के जले हुए अंग मिले हैं। फाइटर विमान मिग-21 ने जैसलमेर स्थित वायुसेना स्टेशन से शुक्रवार को उड़ान भरी थी। वायुसेना, जिला प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेन्स के अधिकारी व बचाव टीमें मौंके पर पहुंच गई हैं, विमान में लगी आग पर भी काबू पा लिया गया है। विमान हादसे की वजह खराब मौसम, तकनीकी खराबी थी या फिर कुछ और इसकी जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सरकार ने संसद में बताई स्वदेशी एलसीए तेजस लड़ाकू विमान की कीमत, फ्रांस से मंगाए रफाल से बेहद सस्ता
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विमान लगभग रात साढ़े 8 बजे क्रैश हुआ। इससे पहले भी अगस्त, 2021 में बाड़मेर में मिग-21 बाइसन विमान हादसे का शिकार हो गया था। फाइटर जेट ट्रेनिंग उड़ान पर था, टेक ऑफ के बाद ही इसमें तकनीकी खराबी आ गई थी जिसकी वजह से विमान अनियंत्रित होकर एक झोपड़ी पर जाकर क्रैश हो गया था। हालांकि उस हादसे में पायलट की जान बच गई थी, दुर्घटना से ठीक पहले चालक खुद को इजेक्ट कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications