आम आदमी पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट जारी की
आम आदमी पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए पांचवी लिस्ट को जारी कर दिया है। इस लिस्ट में दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। पार्टी ने करनपुर विधानसभा सीट से प्रीतिपाल सिंह को टिकट दिया है। जबकि हवा महल से पप्पू कुरैशी को टिकट दिया है

इससे पहले रविवार को पार्टी ने चौथी लिस्ट जारी की थी, जिसमे 25 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था। पार्टी ने पहली लि्ट में 23 उम्मीदवारों, दूसरी लिस्ट में 21 उम्मीदवारों और तीसरी लिस्ट में 19 उम्मीदवारों का ऐलान किया था। पार्टी अभी तक कुल 90 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।
गौर करने वाली बात है कि आम आदमी पार्टी पहली बार राजस्थान में चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने यहां किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं किया है। पार्टी अकेले ही चुनावी मैदान में उतर रही है। खुद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल यहां चुनावी रैली कर चुके हैं। बता दें कि राजस्थान में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं।
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहता है। यहां हर पांच साल के बाद सत्ता परिवर्तन की परंपरा रही है। भाजपा के बाद कांग्रेस और कांग्रेस के बाद भाजपा यहां सत्ता में आती है। ऐसे में देखने वाली बात यह है कि क्या आम आदमी पार्टी यहां पर कोई बड़ा बदलाव कर पाती है और इस परंपरा को तोड़ने में उसे सफलता मिलती है। अरविंद केजरीवाल यहां चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों पर तीखा हमला बोल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications