Bhilwara: कार के गुप्त चैम्बर में मिले 6 करोड़ 75 लाख, नोटों के बंडल गिनने में लगानी पड़ीं छह मशीन
राजस्थान की भीलवाड़ा पुलिस ने हवाला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कार से छह करोड़ 75 लाख रुपए जब्त किए हैं।

भीलवाड़ा जिले की प्रतापनगर थाना पुलिस ने गुजरात की एक कार जब्त कर उसमें से छह करोड़ 75 लाख रुपए जब्त किए हैं। यह राशि कार की सीट और पीछे की डिक्की में बने गुप्त चैंबर में छुपाई हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच मे रकम हवाला की मानी जा रही है। भीलवाड़ा में राशि के लिहाज से यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। नोटों को गिनने के लिए तीन मशीन लगानी पड़ी।
मीडिया से बातचीत में भीलवाड़ा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि गुजरात पासिंग की एक कार प्रतापनगर पुलिस थाना इलाके से गुजर रही है। उसमें करोड़ों रुपए होने की आशंका है। इस पर प्रतापनगर पुलिस ने नाकाबंदी की।
पुलिस ने उदयपुर रोड पर आवरी माता मंदिर के निकट कार को रोका तो उसमें सवार दो जने घबरा गए। कार में एक गुजरात के मेहसाणा के वसई का राहुल चावडा व जयदीप सिंह चावडा सवार था। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें आगे की दोनों सीट और पीछे डिक्की में बने गुप्त चैम्बर में नोटों के बंडल रखे हुए थे।
गुजरात पासिंग कार से भारी मात्रा में नोटों के बंडल मिलने की सूचना एसपी आदर्श सिधू को दी गई। पुलिस ने नोट गिनने के लिए तीन मशीनें मंगवाई। कुल 6 करोड़ 75 लाख रुपए को गिनने के लिए चार घंटे लगे। कार में सवार मेहसाणा के वसई डाबला (गुजरात) निवासी राहुल चावडा व जयदीपसिंह चावडा को हिरासत में लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications