रामदेवरा धाम जा रहे श्रद्धालुओं के 4 बच्चों की तालाब में डूबने से मौत
जोधपुर। राजस्थान के प्रसिद्ध धाम रामदेवरा में इन दिनों मेला चल रहा है। मेले में देश भर से जातरू पहुंचते हैं। मध्यप्रदेश के नीमच के जातरूओं का दल भी रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। जोधपुर के पास झंवर थाना क्षेत्र के मेघलासिया तालाब में नहाने के दौरान दो बच्चियां और दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

झंवर थानाधिकारी शेषकरण चारण ने बताया कि 29 अगस्त को नीमच से जातरूओं का दल बाबा रामदेवरा के दर्शन करने के लिए चौपहिया वाहनों से निकला। शुक्रवार को वह जैसलमेर मार्ग स्थित मेघलासिया पहुंचे। यहां के तालाब में नहाने के लिए महिलाएं और बच्चे गए थे। इसी दौरान दो बच्चियां और दो बच्चे तालाब में डूब गए। इसकी जानकारी बच्चे कम देखकर मिली। जब तालाब में ढूंढा गया तो बच्चे डूबे मिले। चारों को तुरंत तालाब से निकालकर जोधपुर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में हाहाकार मच गया। पुलिस ने चारों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है । शव लेकर जातरूओं का दल वापस नीमच के लिए रवाना भी हो गया।
चारों मृतक बच्चे भाई-बहन
थानाधिकारी शेषकरण चारण ने कहा कि मृतकों में 8 वर्षीय दिव्या पुत्री धर्म सिंह, 7 वर्षीय समर पुत्र परमा सिंह, 9 वर्षीय मिनाक्षी पुत्री परमा सिंह और 8 वर्षीय युवराज पुत्र बबलू है। सभी मृतक आपस में भाई चाचा बुआ के भाई-बहिन है जबकि दो बच्चे सगे भाई बहिन है। चारों बच्चों की मौत के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के कुछ सदस्य सांत्वना दे रहे हैं।
काफी समय बाद पहुंची पुलिस
घटना दोपहर 1 बजे की बताई जा रही है। जातरू परिवार खुद ही बच्चों को अस्पताल ले गया। पुलिस सूचना के कई घंटों बाद अस्पताल पहुंची। थानाधिकारी की मानें तो उन्हें काफी समय बाद एक ग्रामीण ने सूचना देकर बताया था। एक एएसआई को घटनास्थल पर भेजा जबकि वह खुद जोधपुर के अस्पताल पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications