Rajasthan News: राजस्थान में बारिश का हुआ 250 साल पुराना परीक्षण, इस बार होगी अच्छी बरसात, जानिए वजह
Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर में 250 साल पुरानी तकनीक के साथ बारिश की गणना की गई है। इस परीक्षण के बाद दावा किया गया कि देशभर में अच्छी बारिश होगी। प्रदेश में बारिश से हरियाली और पैदावार में भी बढ़ोतरी होगी।
बारिश के दौरान कई इलाकों में तूफान की भी आशंका जताई गई है। 250 साल पुरानी इस तकनीक को वायु परीक्षण के नाम से जाना जाता है। मौसम विभाग ने भी इस साल मानसून अच्छा रहने की उम्मीद जताई है।

जंतर मंतर की अधीक्षक सरोजनी चंचालनी ने बताया कि आषाढ़ी वायु धारिणी पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को विश्व धरोहर स्मारक ज्योतिष यंत्रालय यानी जंतर-मंतर जयपुर में सूर्यास्त काल में शास्त्रानुसार ध्वज पूजन एवं वायु परीक्षण किया गया। इसमें जयपुर शहर के प्रसिद्ध विद्वान एवं देवर्षियों की भी मौजूदगी रही। इस दौरान बारिश संबंधी पूर्वानुमान किया गया। ध्वज की पूजा अर्चना के बाद उसे सम्राट यंत्र के शीर्ष पर ले जाया गया। जमीन से करीब 90 फीट की ऊंचाई पर बने इस यंत्र पर ध्वज को रखा गया और हवा का रुख देखकर वायु परीक्षण किया गया।
सरोजनी चंचालनी ने बताया कि इस बार वायु परीक्षण के दौरान हवा पूर्व की ओर बह रही है। जब वायु पूर्वी होती है या उत्तर पूर्व की ओर होती है तो यह अच्छी बारिश का सूचक है। हवा अभी पूर्व से चल रही है। इससे अच्छी बरसात होगी।
वायु परीक्षण के दौरान हवा का रुख एक 2 सेकंड के लिए पश्चिम की तरफ भी घूमा। इसका मतलब है कि कुछ जगह तूफानी हवा देखने को मिलेगी। तूफानी हवा का असर 100 किलोमीटर के अंदर रहेगा। इससे संकेत मिलता है कि जयपुर के आसपास के क्षेत्र में अच्छी बरसात होगी। साथ ही अतिवृष्टि से कहीं-कहीं पानी से दुर्घटनाएं होने की भी आशंका है।
जानकारों की माने तो यह 250 साल पुरानी परंपरा है। इसके जरिए देश प्रदेश में होने वाली बारिश का अनुमान लगाया जाता है। सम्राट यंत्र जयपुर के महाराज सवाई सिंह द्वितीय ने स्थापित किया था। ऐसा यंत्र जयपुर के अलावा दिल्ली, वाराणसी, उज्जैन और मथुरा में भी है।
वायु परीक्षण तिमाही के लिए किया जाता है। मानसून और बारिश का पूर्वानुमान आषाढ़ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को सूर्यास्त के समय लगाया जाता है। इस दिन सूर्यास्त के समय एक विशेष प्रकार की हवा चलती है। इसके आधार पर यह गणना की जाती है।
उधर मौसम विभाग भी इस बार सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जाता रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार राज्य में मानसून अच्छा रहने की उम्मीद है। कई स्थानों पर सामान्य और कई जगह सामान्य से अधिक बारिश के अनुमान लगाए जा रहे हैं। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, फलोदी और पूर्वी राजस्थान के अलवर, झुंझुनू के क्षेत्र में बारिश थोड़ी ज्यादा होने का अनुमान है। प्रदेश में इस बार 6 फीसदी ज्यादा बरसात होने की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications