दोस्त ने इसलिए दाग दी दोस्त के सीने में गोली, चौंका देने वाला है पूरा मामला
karauli News , करौली। राजस्थान के करौली जिले में चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शराब के नशे में चूर एक युवक ने अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और आरोपी दोस्त सहित कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार करौली जिले के सपोटरा उपखंड के गांव रामठरा निवासी 25 वर्षीय तुलसी सैन रात को अपने 4 दोस्तों के साथ गांव में चिरंजी माली के खेत में बनी झोंपड़ी में शराब पार्टी करने के लिए गया था। पार्टी के दौरान शराब के नशे में चूर दोस्त भरत माली से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई। आपस में झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि भरत ने टोपीदार बंदूक से तुलसी के सीने में गोली दाग दी।
पड़ौस के खेत में रखवाली कर रहे एक व्यक्ति ने गोली चलने की आवाज सुनी और उसे झगड़े के बारे में पता चला तो उसने ग्रामीणों को सूचना की। जिस पर ग्रामीण चिरंजी माली के खेत में पहुंचे। यहां पर गोली लगने से घायल पड़े तुलसी को उन्होंने एम्बुलेंस 108 से सपोटरा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल रैफर किया गया। जयपुर में तुलसी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उधर, कैलादेवी डीएसपी फूलचंद मीणा तथा थाना प्रभारी हरभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए। युवक की मौत से गांव में शोक व्याप्त है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। युवक तुलसी के मौत से एक तीन वर्षीय बालक के सिर से पिता का साया उठ गया है। तुलसी और भरत के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ यह अभी तक पता नहीं चल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications