Rajasthan Police: कौन है चवन्नी छाप अपराधी खूबीराम जाट, जिस पर IPS Mridul Kachawa ने 25 पैसे का इनाम रखा
khubiram jat Chavanni ka inam Bharatpur Rajasthan: राजस्थान पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक आरोपी पर 25 पैसे का इनाम रखा है। आरोपी खूबीराम जाट लंबे समय से फरार चल रहा है। उसकी सूचना देने वाले को चवन्नी का इनाम देने के साथ-साथ पहचान गुप्त रखने की भी बात कही गई है। राजस्थान में भरतपुर पुलिस अपराधी पर 25 पैसे का इनाम रखने से पहले झुंंझुनूं पुलिस ने एक अपराधी पर 50 पैसे का ईनाम रखा था।
राजस्थान के भरतपुर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि चवन्नी का इनामरखा गया आरोपी खूबीराम जाट पुत्र सूरजाराम जाट लखनपुर पुलिस थाना इलाके के गांव मई का रहने वाला है। खूबीराम जाट पर तीन मामले दर्ज हैं। हत्या के प्रयास का मामला साल 2024 में दर्ज हुआ है।

परिवादी की शिकायत पर भरतपुर पुलिस ने मामले की जांच की, जिनमें आरोप सही पाए गए हैं। आरोपी खूबराम जाट को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके संभावित जगहों पर कई बार दबिश दी, मगर उसका कुछ पता नहीं चला।हाल ही भरतपुर पुलिस ने खूबीराम जाट की फाइल बनाकर मुख्यालय को भिजवाई और मुख्यालय की सहमति लेकर भरतपुर एसपी ने खूबीराम जाट पर 25 पैसे का ईनाम घोषित किया।

48 वर्षीय खूबीराम जाट पर चवन्नी का इनाम घोषित किए जाने की जानकारी भरतपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। पोस्टर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। भरतपुर पुलिस विभाग के इस कदम की लोग तारीफ कर रहे हैं। लोग कह रहे है कि अपराधियों को बाहुबली की संज्ञा देने की बजाय चवन्नी छाप अपराधी कह कर इनके मनोबल को गिराने और आम जनमानस में आतंक को खत्म करने का यह प्रयास सराहनीय है।

भरतपुर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा संगठित अपराधों पर अंकुश एवं अपराधियों पर नियंत्रण करने के लिए गंभीर मामलों में फरार वांछित मुल्जिमों को पकड़ने के लिए इनाम रखे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications