कांग्रेस ‘गाय’ पर दिखी फोकस, बीजेपी किसानों की आय पर
राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के घोषणापत्र सामने आ चुके हैं। जो चिन्ता इन घोषणापत्रों में दिख रही है अगर उस पर गौर करें तो उनमें किसानों की बदहाली, बेरोज़गारी, महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य प्रमुख हैं। अगर खास तौर पर दोनों में फ़र्क को देखें तो कांग्रेस ने 'गाय’ पर चिन्ता जतायी है जबकि बेरोज़गारी भत्ता देने के मामले में कांग्रेस बीजेपी से पिछड़ गयी है।

‘गाय’ अब कांग्रेस का मुद्दा
बीजेपी ने अपने घोषणापत्र को ‘गौरव संकल्प पत्र' नाम दिया है, तो कांग्रेस ने इसे ‘जन घोषणा पत्र' बताया है। सबसे अहम सवाल ये है कि मतदाताओं को वो कौन सी बात सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली है जो इन घोषणापत्रों में है? वह बात यानी घोषणा कांग्रेस की होगी, या बीजेपी की- यह सवाल भी उतना ही अहम है।
कांग्रेस ने इस बार गाय को भी बीजेपी से हड़पने की कोशिश की है। कांग्रेस ने वादा किया है कि वह गोचर भूमि बोर्ड बनाने की पहल करेगा। राजस्थान में यह बड़ी समस्या है। राजस्थान इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि यहां बीफ विवाद को लेकर बड़ी घटनाएं घटी हैं। गोपालन और गोतस्करी दोनों लिहाज से राजस्थान अहम रहा है।

किसानों की कर्जमाफी कांग्रेस का बड़ा वादा, आय दुगुनी करेगी बीजेपी
सबसे पहले कांग्रेस के घोषणापत्रों की चर्चा करें जो ताज़ा ख़बर है। सबसे आकर्षक घोषणा किसानों के लिए है जिसे राहुल गांधी ने तकरीबन हर राज्य में अपना नारा बना लिया है- सरकार बनते ही किसानों के कर्जे माफ। यह एक ऐसा नारा है जिसका असर किसानों में दिखता है। राजस्थान में भी इसका प्रभाव पड़ेगा, ये निश्चित लगता है।
बीजेपी की सबसे बड़ी घोषणा भी किसानों के लिए है। आमदनी दोगुणी करने का। मगर, यह इनडायरेक्ट घोषणा है। ऐसा इसलिए कि बीजेपी सरकार खुद तो किसानों के लिए कमाने जाएगी नहीं, वह उसे सुविधाएं ही दे सकती है। यह वायदा नरेंद्र मोदी की केन्द्र सरकार ने भी कर रखा है। चूकि राजस्थान सरकार पिछले पांच साल से सत्ता में है, इसलिए इस वादे का जवाब भी उसे ही देना है कि उसने बीते समय में इसके लिए किया क्या है।

जीएसटी से जनता का वचाव करेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने जीएसटी का लगातार विरोध किया है और उसे जनता के हितों के अनुकूल बनाने का वह दावा करती रही है। इसी के अनुरूप राजस्थान में कांग्रेस ने वादा किया है कि वह कृषि उपकरणों को जीएसटी के दायरे से बाहर लाएंगे। हालांकि ज्यादातरण कृषि उपकरण अब भी जीएसटी के दायरे से बाहर ही हैं। फिर भी, इस विषय पर अपने अनुभव से ही किसान वोट देने का फैसला करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने बुजुर्ग किसानों को पेंशन देने का भी भरोसा दिलाया है। खास बात ये है कि यह पेंशन बुजुर्गों को घर बैठे ही मिल जाया करेगा।

ऋणमाफी से आगे की सोच रही है बीजेपी
बीजेपी ने ऋण बांटने को लेकर आयोग की बेंच बनाने का वादा किसानों से किया है। इसे आप ऋण माफी से आगे की सोच भी कह सकते हैं। हो सकता है कि किसान इससे आकर्षित हों, मगर फिलहाल ऋणमाफी और ऋण हासिल करने में किसान किसे प्राथमिकता देंगे, यह वही तय करेंगे।

बेरोज़गारी भत्ते पर बीजेपी आगे
बेरोज़गारी के मुद्दे पर कांग्रेस से चूक हुई लगती है। कांग्रेस ने युवाओं को बीजेपी से कम बेरोज़गारी भत्ता देने की घोषणा की है। यह रकम महज 3,500 रुपये महीने की है, जबकि बीजेपी ने 5000 रुपये महीना बेरोज़गारी भत्ता देने का वादा किया है। इसके अलावा भी बीजेपी ने 50 लाख नौकरियां देने का वादा राजस्थान के युवकों से किया है। इससे निश्चित रूप से युवाओं पर असर पड़ेगा। शहरी रोज़गार गारंटी कानून बनाने का वादा भी बीजेपी की ओर युवाओं को आकर्षित करेगा।

लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देगी कांग्रेस
कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो वह लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा को लागू करेगी। यह बड़ी घोषणा है। एक और बड़ी घोषणा कांग्रेस ने की है कि वह राइट टू हेल्थ योजना लागू करेगी। ये दोनों ही योजनाएं आम लोगों के लिए मनरेगा की तर्ज पर कांग्रेस की तरफ से तोहफा होगी। इससे लोगों और खासकर महिलाओं की शिक्षा और उनके स्वास्थ्य के क्षेत्र में बदलवाकारी साबित हो सकता है। मगर, वोटर इस पर कितना विश्वास करने वाले हैं, ये अभी कहना मुश्किल है। कांग्रेस ने महिलाओं के लिए पॉलिटेक्निक, आईटीआई खोलने की भी घोषणा की है।

बीजेपी राज में लड़कियों के अकाउन्ट में आएंगे 50 हज़ार रुपये
बीजेपी ने लड़कियों के लिए सबसे बड़ी घोषणा ये की है कि पढ़ाई पूरी होते ही उनके अकाउन्ट में राज्य सरकार 50 हज़ार रुपये डाल देगी। यह ऐसी घोषणा है जिससे तकरीबन हर परिवार को फायदा होगा और इसका असर बीजेपी को चुनाव में वोट के रूप में दिख सकता है।
यूनिवर्सल हेल्थ बीमा लाएगी बीजेपी
बीजेपी ने भी यूनिवर्सल हेल्थ इन्श्योरेंस को लागू करने का भरोसा अपने घोषणापत्र में दिया है। यह लोगों के स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने वाला साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications