छत्तीसगढ़ः नाराजगी छोड़ विधानसभा में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, कहा- अब इस मामले का पटाक्षेप हो गया
रायपुर। हाल ही में कांग्रेस पार्टी के विधायक बृहस्पत सिंह ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाकर राज्य की सियासत को नया मुद्दा दे दिया था, जिसके चलते पार्टी से नाराज स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव बीते मंगलवार को विधानसभा की बीच कार्यवाही से बाहर निकल गए थे। लेकिन अपनी ही सरकार से नाराज चल रहे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के लौट आए हैं। टीएस सिंहदेव अपनी ही पार्टी के विधायक बृहस्पत सिंह के आरोपों से नाराज थे।

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने सिंहदेव पर उनकी हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया था। वहीं बुधवार को विधानसभा पहुंचने के बाद सिंहदेव ने कहा कि अब इस मामले का पटाक्षेप हो गया है। हालांकि, मीडियाकर्मियों ने जब उनसे बृहस्पत सिंह को माफ करने के बारे में पूछा तो वे चुप्पी साध गए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि मामला (कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह द्वारा देव के खिलाफ लगाए गए हत्या के आरोपों का) अब सुलझा लिया गया है। हमारा ध्यान अब एक टीम के रूप में राज्य की जिम्मेदारियों को पूरा करने पर रहेगा।
मंगलवार को विधानसभा के मॉनसून सत्र में मंत्री टीएस सिंहदेव ने खुलकर अपनी बात की। उन्होंने कहा कि अब बहुत हुआ मैं भी एक इंसान हूं, आपके कहने के बाद सीएम ने हमें बुलाया चर्चाएं हुई। मेरी स्थिति ऐसी है कि जब तक शासन के स्तर पर कोई जवाब नहीं आता। मैं इस सदन पर बैठने योग्य अपने आप को नहीं समझता। इतना कहते हुए मंत्री टीएस सिंहदेव सदन छोड़कर बाहर निकल गए।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने सीधे तौर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि महाराजा हैं वो कुछ भी कर सकते हैं। वो मेरी भी हत्या करा सकते हैं। दरअसल, शनिवार की रात को विधायक बृहस्पत सिंह के काफिले पर हमला हुआ था, जिसके बाद से राजनीतिक में घमासान मचा हुआ है। इस बीच रविवार शाम बृहस्पत सिंह के सामने आए इस बड़े बयान के बाद जरूर छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक हलचल मची हुई है।












Click it and Unblock the Notifications