अरे वाह! अब ATM से 50 का भी नोट निकलेगा

आरबीआई ने निर्देश दिया है कि अगर एटीएम में 500 रुपए के नोट रखे हैं तो उसमें 100 रुपए के नोट होने चाहिए। इसी प्रकार 100 रुपए के नोट हैं तो उसमें 50 रुपए के भी नोट होने चाहिए। आरबीआई से मिले इस आदेश के बाद कुछ बैंकों ने अपने एटीएम में 50 रुपए के नोट डालने शुरू कर दिए हैं। बैंकिंग अधिकारियों का कहना है कि आरबीआई ने यह व्यवस्था लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की है। इससे सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब लोगों को जितनी जरूरत होगी, उतने ही पैसे वे निकालेंगे।
50 रुपए के नोट की यह सुविधा अभी एवरग्रीन चौक स्थित एसबीआई एटीएम में शुरू हो गई है। बैंकिंग अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अन्य बैंकों में भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के जोनल मैनेजर पीजेड मिश्रा का कहना है कि आरबीआई के निर्देशानुसार अब बैंकों को दो प्रकार के नोट रखने जरूरी हैं। पहला नोट अगर 500 रुपए है तो दूसरा नोट 100 रुपए या 50 रुपए का होगा। एसबीआई के अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार लोगों की सुविधा के लिए एटीएम में अब 50 रुपए के भी नोट रहेंगे।
आरबीआई के निर्देशानुसार बैंक अब लोगों को चिल्लर (सिक्के) देने से भी इंकार नहीं कर सकते। लोग आवश्यकता के अनुसार बैंकों में जाकर चिल्लर की मांग कर सकते हैं। बैंक अपनी क्षमता का ध्यान रखते हुए उन्हें सिक्के उपलब्ध करवाएगा। जानकारी के अनुसार अभी सिक्के उपलब्ध कराने वाली मशीन भी जल्द से जल्द उपलब्ध कराने पर विचार चल रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार से परेशानी न हो। चेक क्लियरिंग में तीन दिन का समय लग जाता है, इसमें अब धीरे-धीरे सुधार होने लगा है। विभिन्न बैंकों में अब सीटीएस चेक क्लियरिंग सिस्टम के जरिए चेक क्लियरिंग का कार्य दो दिन में ही पूरा करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही बैंक प्रयास कर रहे हैं कि चेक क्लियरिंग का कार्य उसी दिन हो जाए।












Click it and Unblock the Notifications