छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना संक्रमण के 10 हजार से ज्यादा मामले, 82 की हुई मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश में 5 दिनों से हर रोज 10 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। बीते रविवार को कोरोना के 10 हजार 521 नए केस सामने आए हैं, जिसके चलते अब एक्टिव मरीजों की संख्या 90 हजार 277 हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण से 82 लोगों की जान चली गई। प्रदेश में अभी तक कोरोना से 4 हजार 899 लोगों की जान गई है। संक्रमितों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार जल्द ही निजी अस्पतालों में भी इलाज के रेट तय करेगी।

Recommended Video
वहीं प्रदेश के 16 जिलों में लॉकडाउन का आदेश जारी हो चुका है। अगर सोमवार को भी संक्रमण के मामलों में गिरावट नहीं देखने को मिली तो कई और जिलों में लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया जा सकता है। संक्रमण से लगातार मौतें बढ़ रही हैं और श्मशानों पर भी वेटिंग हैं। सरकार ने शहरी इलाकों में नए श्मशान बनाने का फैसला लिया है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और रिसाली में विद्युत शवदाह गृह जल्द बनाये जाएंगे।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने रविवार को महाराष्ट्र, पंजाब और छत्तीसगढ़ में तैनात की गई सेंट्रल पब्लिक हेल्थ टीम से मिले फीडबैक के आधार इन तीनों राज्यों को चिट्ठी लिखी है और बताया है कि वहां कोरोना संक्रमण में तेजी के क्या कारण हैं। गौरतलब है कि देश में लगातार पांच दिनों से एक लाख से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं और रविवार की सुबह आए आंकड़ों में तो यह 1.52 लाख के आंकड़ों को भी पार कर गया है। इसमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा डेली केस तो आ ही रहे हैं, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी हाल में कोरोना के मामलों में बहुत ही ज्यादा इजाफा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications