छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में मिले 16750 नए कोरोना संक्रमित, 197 मरीजों की हुई मौत
रायपुर। गुरुवार को छत्तीसगढ़ में 16750 नए कोरोना संक्रमित मिले। वहीं 15 हजार 51 मरीज कोरोना से जंग जीतकर घर लौट गए। प्रदेश में 55 हजार लोगों की कोरोना टेस्टिंग की गई थी। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 1 लाख 21 हजार 555 रह गई है। देश के चार ही राज्य ऐसे हैं जिनके यहां सक्रिय मरीजों की संख्या छत्तीसगढ़ से अधिक है। इस मामले में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है।

महाराष्ट्र में 6 लाख 99 हजार 858 एक्टिव केस हैं। दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश है, जहां एक्टिव केस की संख्या 2 लाख 59 हजार 810 है। वहीं कर्नाटक तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यहां अभी 1 लाख 96 हजार 236 केस एक्टिव हैं। वहीं 1 लाख 56 हजार 224 एक्टिव केस के साथ केरल चौथे स्थान पर है।
छत्तीसगढ़ देश का तीसरा प्रदेश है जहां एक दिन में सर्वाधिक मौतें दर्ज हुई हैं। गुरुवार रात 197 मरीजों की मौतों के आंकड़े आए। इनमें से 120 मरीजों में दूसरी किसी गंभीर बीमारी नहीं थी। यानी उनकी मौत केवल कोरोना की वजह से हुई। दूसरे राज्यों से तुलना करें तो महाराष्ट्र में सबसे अधिक 568 मौतें दर्ज हुईं।
उसके बाद दिल्ली में 306 मौतें हुईं हैं। वहीं छत्तीसगढ़ से अधिक बीमारों के बावजूद उत्तर प्रदेश में 195, कर्नाटक में 123 और केरल में केवल 28 लोगों की जान गई है। छत्तीसगढ़ में कोरोना का पहला मामला 18 मार्च 2020 को सामने आया था। कोरोना से पहली मौत 29 मई 2020 को दर्ज हुई। तब से 31 मार्च 2021 के बीच 4131 मौतें हुई हैं।
जबकि दूसरी लहर में केवल अप्रैल के इन 21 दिनों में 2263 से ज्यादा मौत हो चुकी है। प्रदेश में कोरोना से रोज औसतन 112 लोगों की मौत हो रही है। जांच के लिए नमूना देने के बाद और रिपोर्ट आने से पहले लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों को पांच दवाएं लेने की सलाह दी जा रही है।
इसमें आइवरमेकटिन, डाक्सीसाइक्लिन, पैरासिटामॉल, विटामिन-सी और जिंक की गोलियां शामिल हैं। वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पंचायत के अध्यक्षों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक करने वाले हैं। इसमें कोरोना प्रबंधन और इलाज की सुविधाओं की समीक्षा होगी।












Click it and Unblock the Notifications