सीएम भूपेश बघेल का सवाल, सत्ताधारी लोगों के यहां क्यों नहीं पड़ रहे छापे? वह कोई दूध के धुले नहीं हैं
सीएम भूपेश बघेल का सवाल, सत्ताधारी लोगों के यहां क्यों नहीं पड़ रहे छापे,वह कोई दूध के धुले नहीं हैं
रायपुर, 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार पाए निशाना साधते हुए कहा है कि आजकल सवाल पूछना अपराध हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सही लोगों से सवाल पूछते रहें और सवालों के जवाब मिलते रहें तो देश को और तेजी से तरक्की करने से कोई नहीं रोक सकता है। मुख्यमंत्री बघेल ने शुक्रवार को यह बातें रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित रूबरू कार्यक्रम में कहीं। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब में उपस्थित सभी फोटोग्राफरों को भी बधाई दी।

ईडी की छापामार कार्रवाई पर बोले सीएम भूपेश
देश के कई राज्यों में गैर भाजपाई नेताओं के घर ईडी के छापे पड़ने के संबंध में उन्होंने कहा कि विपक्ष के यहां छापे पड़ रहा है, उसे मैं गलत नहीं मानता , लेकिन सत्ताधारी लोगों के यहां भी छापे पड़ने चाहिए। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भ्रष्ट कोई भी हो सकता है, किसी भी जाति ,प्रदेश का हो सकता है। सभी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए । सीएम भूपेश ने कहा कि विपक्ष के नेताओं के घर छापे पड़ रहे हैं, लेकिन इसके मतलब यह नहीं है कि सत्ता में बैठे लोग दूध के धुले यह गंगा जल से नहाये हुए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राष्ट्रीय जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों के संदर्भ में कहा कि किसी पर ईडी, सीबीआई के छापे पड़ते हैं, जब वह सत्ता पर काबिज होता है, तब सारी जांच की जांच धरी की धरी रह जाती है, इसलिए जांच एजेंसियों पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देश के लिए खतरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सही सवाल जवाब से ही वेदों और उपनिषदों का निर्माण हुआ है, सवालों के उपजने से ही हमारी परंपराएं आगे बढ़ी हैं और हम इस ऊंचाई पर पहुंचे हैं। मुख्यंत्री ने कहा कि ये परंपरा सिर्फ भारत में है जहां गुरू का पद ईश्वर से भी बड़ा है और वो इसलिए क्योंकि एक शिष्य को अपने गुरू से सवाल पूछने की छूट रहती है ताकि वो अपनी जिज्ञासाओं को शांत कर सके।
सवाल पूछे जाने चाहिए, उनसे नहीं पूछे जाते
मुख्यमंत्री रायपुर प्रेस क्लब के रूबरू कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिससे सवाल पूछे जाने चाहिए उनसे नहीं पूछे जाते, जबकि हम ये जानते हैं कि अर्जुन ने कृष्ण से सवाल नहीं पूछे होते तो गीता का निर्माण भी शायद संभव नहीं था।
रायपुर प्रेस क्लब के पत्रकारों के हर एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को यहां की संस्कृति के साथ आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ग के लोगों के लिए योजनाएं बनी हैं और इसके साथ ही प्रदेश की प्राकृतिक संसाधनों को सहेजने का कार्य भी सरकार कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब में रायपुर के संपादकों वरिष्ठ पत्रकारों को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी किया।












Click it and Unblock the Notifications