पंजाब में सरकारी डिपो पर गरीबों को बांटा कीड़े वाला गेहूं, अधिकारी बोले- बढ़िया है, फिर बोरियां फाड़ीं
बरवाला। पंजाब के बरवाला जिले में लोगों को खराब सरकारी राशन बांटने का मामला सामने आया है। यहां अहाता नारायण सिंह के सरकारी डिपो पर कीड़े वाला 12 क्विंटल गेहूं बांटा गया। लोगों ने उसे लेने से मना किया, तो डिपो होल्डर से लेकर फूड सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने खराब गेहूं की बात को नकार दिया। उन्होंने पहले कहा कि ये बढिया गेहूं है, लोगों के ताने मारने पर गेहूं देखकर कहने लगे कि ज्यादा खराब नहीं है। जब अधिकारी ने खराब गेहूं होने की बात नहीं मानी, तो लोगों ने उनके सामने बोरियां फाड़कर दिखाईं। गेहूं के दाने मुट्ठी में लेने पर उनमें से बुरादा उड़ने लगा। कीड़ा लगने से गंध भी आ रही थी।

पंजाब के बरवाला में सरकारी डिपो पर कीड़े वाला गेंहू
नाराज लोगों ने वहीं पर नारेबाजी शुरू कर दी। महिला-पुरुषों समेत कई लोगों ने कहा कि, हमारी गरीबी का मजाक उड़ाया जा रहा है। ऐसा घटिया गेहूं तो पशुओं को खिलाने लायक भी नहीं है। मगर, ये गेहूं इंसानों को बांटा जा रहा है। वहीं, लोगों को डिपो होल्डर और उसके समर्थक अपनी सफाई देने लगे। डिपो होल्डर बीरबल ने बोले कि, सरकार से हमारे पास 98 क्विंटल गेहूं आते हैं। जिसमें से 12 क्विंटल बांटा जा चुका है। हमें भी लगता है कि इस गेहूं की क्वालिटी ठीक नहीं है, पर हम भी तो वही दे रहे हैं, जैसा सरकार ने भेजा है।
3 दिन में दूसरा मामला, जब खराब राशन बंटा
लोगों का कहना है कि, यदि सरकारी अधिकारियों ने ही ऐसा गेहूं बांटने के लिए भेजा है तो उन अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। लोगों का हंगामा होने पर अधिकारी यह बात मानने को तैयार हुए कि गेहूं की क्वालिटी सही नहीं है। दो महिलाओं ने बताया कि, खराब सरकारी राशन बंटने का यहां तीन दिन में दूसरा मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि, आप खुद हाथों में लेकर चेक कर सकते हैं, लोग इसे क्यों खाएंगे।
डीएफएसओ ने कहा- बोरियां बदल देंगे
डीएफएसओ हरप्रीत सिंह बोले कि, हमें खराब गेहूं को लेकर शिकायत मिली है। उसके सैंपल भी भरवा लिए गए हैं। ऐसा नहीं कि सरकार खराब गेहूं भेजेगी। हां, वहां कुछ बोरे खराब हो सकते हैं। जो गेहूं खराब है हम उसे बदल देंगे।












Click it and Unblock the Notifications