पंजाब: अजनाला थाने के बाहर अमृतपाल के समर्थकों ने तलवारों और बंदूकों से तोड़े बेरिकेड्स, माहौल तनावपूर्ण
पंजाब के अजनाला में माहौल काफी तनाव भरा हो गया है। यहां के थाने पर अमृतपाल के समर्थकों ने हमला कर दिया। भीड़ के हाथों में तलवार और बंदूकें है। जिन्होंने पुलिस बेरिकेड्स तक तोड़ डाले।

Amritsar Ajnala Case: पंजाब में अमृतसर के अजनाला में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। खालिस्तान समर्थक संगठन 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी तूफान सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में भारी संख्या में समर्थक हथियारों के साथ सड़कों पर आ गए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने तलवारों और बंदूकों से पुलिस बेरिकेड्स तोड़ दिए। ऐसे में अब स्थिति बेकाबू होती नजर आ रही है।
अजनाला पुलिस थाने पर हमला
दरअसल, खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह ने गुरुवार सुबह 11 बजे अपने समर्थकों से अजनाला पहुंचने के लिए कहा था, जिसके बाद अजनाला थाने के बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा होना शुरू हो गई और अब स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भीड़ ने अजनाला पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया।
समर्थकों के हाथों में हथियार
समर्थकों ने तलवारों और बंदूकों के साथ पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए। समर्थक अमृतपाल सिंह के करीबी सहयोगी लवप्रीत तूफान की गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठा हुए हैं।
6 जिलों से भारी पुलिस फोर्स बुलाई
लोगों की भीड़ और माहौल की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस भी ज्यादा सतर्क हो गई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ी कर दिया है। करीब छह जिलों से भारी पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई गई है।
क्या है पूरा मामला जानिए?
आपको बता दें कि अजनाला पुलिस थाने में अमृतपाल, उनके साथी तूफान सिंह सहित कुल 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन लोगों ने अमृतपाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कमेंट करने वाले एक युवक का अपहरण कर बुरी तरह से पीटा था। जिसके बाद पुलिस ने तूफान सिंह को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद भड़के अमृतपाल सिंह ने गुरुवार को अजनाला थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी देने का ऐलान किया था।












Click it and Unblock the Notifications