स्वर्ण मंदिर में CM धामी ने टेका मत्था, कहा- हेमकुंड साहिब के लिए जल्द शुरू होगा रोप-वे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी बुधवार 29 मई को पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर पहुंचे और मत्था टेका। इस दौरान सीएम धामी ने वाहेगुरु जी से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए रोपवे का काम जल्द ही शुरू होगा।
अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब में कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करते हैं, लेकिन राज्य के बाहर कांग्रेस का समर्थन करते हैं।

सीएम धामी ने 1984 के दिल्ली दंगों को भी याद किया और कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जिसने जिम्मेदार लोगों को दंडित किया है। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में सिख गुरुधामों और श्री हेमकुंड साहिब के लिए जल्द ही रोपवे शुरू करने की अपनी योजना दोहराई। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से श्रद्धालुओं को बहुत लाभ होगा।
उन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सुरंग पथों सहित लगभग 100 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने की योजना का भी उल्लेख किया। स्वर्ण मंदिर में दर्शन करने के बाद धामी ने दुर्गियाना मंदिर में भी मत्था टेका। इसके बाद उन्होंने खन्ना स्मारक पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications