Opinion: मान सरकार के ऑफिस टाइमिंग बदलाव से ट्रैफिक में आई भारी कमी, मोहाली में कम हुआ सड़क पर जाम
सीएम मान के ऑफिस के समय के बदलने के पीछे का मुख्य उद्देश्य बिजली खपत कम करना था, लेकिन इसने कई अन्य सकारात्मक बदलाव लाए हैं, मोहाली में ट्रैफिक भार काफी हद कम हो गया है।

Punjab Government: पंजाब की मान सरकार ने सरकारी दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में 2 मई से बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत सूबे के सरकारी ऑफिस में 2 मई से सुबह 7.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खुले रहेंगे। ऑफिसों की यह टाइमिंग 15 जुलाई तक लागू रहेगी, हालांकि इसके पीछे बिजली की खपत में कमी का हवाला दिया गया था, लेकिन इससे इतर मान सरकार के इस फैसले के कई और फायदे भी सामने आए हैं।
मोहाली में दिखा अलग ही असर
दरअसल, पंजाब सड़क सुरक्षा और यातायात अनुसंधान केंद्र की ओर से जारी हालिया स्टडी से पता चला है कि मोहाली में सरकारी और प्राइवेट के लिए अलग-अलग ऑफिस टाइमिंग के चलते एयरपोर्ट रोड पर यातायात की भीड़ में काफी कमी आई है।
सड़कों पर दिख रहा असर
पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में नए कार्यालय समय के अमल में लाने के बाद मोहाली में यातायात प्रबंधन के लिए सकारात्मक परिणाम साबित हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक समय में हुए इन बदलावों का असर पहले दिन से ही देखने को मिला है।
2 मई से बदली ऑफिस की टाइमिंग
8 अप्रैल को पंजाब सरकार ने 2 मई से शुरू होने वाले राज्य सरकार के नए कार्यालय समय की घोषणा की थी। ऐसे में पंजाब रोड सेफ्टी एंड ट्रैफिक रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. नवदीप असिजा ने बताया कि मान सरकार के इस फैसले ने भीड़ को दो स्लॉट में विभाजित कर दिया, सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक दबाव को कम हुआ है।
नवदीप असिजा के मुताबिक पहले सार्वजनिक और निजी दोनों कार्यालयों को शाम 5 बजे के बाद बंद कर दिया जाता था, जिससे यातायात का भार बहुत अधिक होता था, जिसके परिणामस्वरूप लंबा जाम लग जाता था। हालांकि सार्वजनिक कार्यालयों के लिए संशोधित कार्यालय समय ने यातायात को कम कर दिया है, जिससे यातायात प्रवाह सुचारू हो गया है।
मान सरकार के फैसले का सकारात्मक प्रभाव
ऑफिस समय में बदलाव से ना सिर्फ ट्रैफिक जाम कम हुआ है, बल्कि मोहाली में एयरपोर्ट रोड के 18 किलोमीटर के दायरे में दुर्घटनाओं में भी कमी आई है। ऐसे में साफ है कि जहां ऑफिस का सयम बदलने के पीछे मुख्य उद्देश्य बिजली की खपत कम करना था, लेकिन इसने कई अन्य सकारात्मक बदलाव लाए हैं, जिनमें ट्रैफिक भार कम करना, ईंधन की खपत में कमी और बेहतर पर्यावरण शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications