नहर किनारे बाइक से भिड़ंत के बाद पेड़ से टकराई कार तो लग गई आग, पति झुलसा, पत्नी जिंदा जली
भवानीगढ़। पंजाब में भवानीगढ़ के निकट भट्टीवाल कलां गांव के पास भयंकर हादसा हुआ। यहां घनौड़ जट्टां की तरफ जाती एक कार की नहर की पटरी पर बाइक से टक्कर हुई थी। बाइक से टकराने के बाद कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। इससे कार में विस्फोट हुआ और आग लग गई। कार में पति-पत्नी सवार थे। अग्निकांड में पति झुलस गया, वहीं पत्नी जिंदा जल गई।

फायरब्रिगेडकर्मियों ने बताया कि, कार में जलकर मरी महिला की पहचान सिमरन कौर के रूप में हुई है। वहीं, उसका पति विक्रमजीत बुरी तरह से झुलस गया है। पता चला है कि, जब यह हादसा हुआ तो पति ने जान बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी थी। गांव खानपुर फकीरा का विक्रमजीत सिंह अपनी पत्नी सिमरन कौर को दवा दिलवाने के लिए कार से पटियाला गया था। वापसी में भट्टीवाल कलां से घनौड़ जट्टां को जाती नहर की पटरी पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल के साथ टक्कर होने से असंतुलित हुई कार पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शी सतनाम सिंह ने बताया कि वह रिक्शा-रेहड़ी लेकर कार के पीछे जा रहा था।
कार जब पेड़ से टकराई तो अचानक उसमें विस्फोट हो गया और आग लग गई। कार में बैठी महिला जिंदा जल गई। व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया और उसने नहर में छलांग लगा दी। इस पर उसने (सतनाम) ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया और लोगों की मदद से विक्रमजीत को नहर से बाहर निकाला। वह बुरी तरह से झुलस चुका था। उसे भवानीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटियाला रेफर कर दिया गया। सूचना देने के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तब तक कार जलकर नष्ट हो चुकी थी।












Click it and Unblock the Notifications