Punjab: अमित शाह की गुरदासपुर रैली में शामिल नहीं होंगे सनी देओल, यह वजह आई सामने
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर अपनी पार्टी के जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को पंजाब के गुरदासपुर और हरियाणा के सिरसा में रैलियों को संबोधित करेंगे। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सनी देओल रविवार को अपने बेटे करण देओल की शादी के कारण अपने घरेलू मैदान पर होने वाली रैली में शामिल नहीं होंगे।
बता दें कि सनी देओल के बेटे करण देओल रविवार को मुंबई में लंबे समय से गर्लफ्रेंड रही दृष्टि आचार्य के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनके बेटे की शादी की तारीख पहले से ही तय थी और रैली का कार्यक्रम बाद में तय किया गया था। इसलिए, वह रैली में शामिल नहीं हो पाएंगे और उन्होंने इसके लिए पार्टी से अनुमति ली है। निर्वाचन क्षेत्र में सनी देओल के निजी सचिव पंकज जोशी ने इसकी जानकारी दी।

इस बीच, एक भाजपा नेता ने कहा कि अमित शाह केंद्र में पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को उजागर करेंगे। दोनों रैलियों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि गुरदासपुर में रैली के लिए सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शाह के हरियाणा के सिरसा दौरे पर 15 आईपीएस अधिकारियों सहित 30 से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा की निगरानी करेंगे। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिरसा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रविवार की रैली से पहले कई किसान नेताओं सहित लगभग 130 लोगों को हरियाणा पुलिस ने निगरानी में रखा है और उनके संबंधित पुलिस स्टेशनों द्वारा नोटिस जारी कर उन्हें शपथ पत्र देने के लिए कहा गया है कि वे कानून और व्यवस्था को बाधित नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications