'1984 की तरह पाकिस्तान भाग जाओ...' सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने अमृतपाल सिंह पर दिया विवादित बयान
Simranjit Singh Mann statement: शिरोमणि अकाली दल के सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि अमृतपाल सिंह का जीवन खतरे में है। ऐसे में उसे रावी नदी पार करके पाकिस्तान भाग जाना चाहिए।

Simranjit Singh Mann: लोकसभा सांसद और शिरोमणि अकाली दल के सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने भगोड़े खालिस्तानी अलगाववादी अमृतपाल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमृतपाल को आत्मसमर्पण नहीं करना चाहिए बल्कि उसे रावी नदी पार करके पाकिस्तान भाग जाना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि अमृतपाल का जीवन खतरे में है और सरकार हम पर अत्याचार कर रही है। अब सिमरनजीत सिंह मान का ये बयान जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।
'1984 की ओर था मान का इशारा'
सिमरनजीत सिंह ने हाल ही में भगोड़े अमृतपाल सिंह को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा कि अमृतपाल सिंह का पाकिस्तान भाग जाना सिख इतिहास के हिसाब से उचित है। क्योंकि उसका जीवन खतरे में है और सरकार हम पर अत्याचार कर रही है।
बताते चलें कि सिमरनजीत सिंह का ये विवादित बयान साल 1984 में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार की घटना की ओर इशारा करता है। जब तत्कालीन इंदिरा गांधी ने जनरल सिंह भिंडरावाले और अन्य खालिस्तानी आतंकवादियों का सफाया करने के लिए ये ऑपरेशन चलाया था। इसके बाद इंदिरा गांधी के अंगरक्षकों की हत्या भी कर दी गई थी। इसके बाद साल 1984 में सिख विरोधी दंगे हुए, जिसमें हजारों सिखों की मौत हो गई थी। दंगों में हुई मौतों को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आईं।
अमृतपाल के सरेंडर की थी खबर
इससे पहले वारिस पंजाब दे के मुखिया अमृतपाल सिंह को लेकर खबर सामने आई थी कि वो कभी भी सरेंडर कर सकता है। अमृतपाल के दरबार साहिब में प्रवेश करने को लेकर भी खबरें मिली थीं। इस आशंका के बाद पंजाब पुलिस हाई अलर्ट पर आ गई थी और श्री अकाल तख्त साहिब के पास भारी सुरक्षाबल को तैनात कर दिया गया था।
कई दिनों से फरार भगोड़ा अमृतपाल
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह बीते कई दिनों से फरार चल रहा है। 6 राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने उसे होशियारपुर जिले के एक गांव में ट्रेक किया था, जिसके बाद तकरीबन 700 पुलिसकर्मियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन इस बीच अमृतपाल सिंह बचकर भाग निकलने में कामयाब हो गया। अब भी पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस बीच तलाशी और आत्मसमर्पण की खबरों के बीच सिमरनजीत सिंह का बयान सुर्खियों में बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications