पंजाब: सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुटी SAD, सुखबीर बादल ने तैयार की ये रणनीति
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल सत्ता में आने के बाद सीएम चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार के घपलों की जांच करवाएगी।
चंडीगढ़, सितंबर 27, 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुट चुकी हैं। सभी राजनीतिक दल नई नई रणनीति तैयार कर जनता को लुभाने के लिए ज़ोरों से प्रचार प्रसार कर रही हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल सत्ता में आने के बाद सीएम चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार के घपलों की जांच करवाएगी। उन्होंने नवगठित सरकार को लूटने वाली सरकार की संज्ञा दी और कहा कि लूट करने वाले मंत्रियों की जांच के लिए एक विशेष आयोग का भी गठन किया जाएगा ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।

कांग्रेस नेताओं की कार्यशैली पर सवाल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह पर साढ़े चार साल की कारगुजारी थोप कर कांग्रेस नेता ख़ुद को बचाना चाहते हैं। पंजाब की जनता को पता है कि घटिया कारगुजारी के लिए सभी कांग्रेसी ज़िम्मेदार हैं। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को अयोग्य नेता क़रार देते हुए कहा कि वह एक ऐसे नेता हैं जो अपने फैसले ख़ुद नहीं ले सकते हैं। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि
पंजाब से जुड़े सारे फ़ैसले दिल्ली का एक परिवार ले रहा है जो ख़ुद तीन खेमों में बंटा है
उनका इशारा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रधान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की तरफ़ था।

मंत्रिमंडल विस्तार पर कटाक्ष
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने चन्नी कैबिनटे में शामिल कई नए मंत्रियों का नाम लेते हुए कहा कि
नये मंत्रिमंडल में कई सारे दागी विधायकों को और रेत माफिया के सरगनाओं को जगह दी गई है
इन लोगों का ख़ास मक़सद पंजाब को लूटना है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी बन गई है जो अपना नाश ख़ुद कर रही है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दावा किया कि पंजाब विधानसभा के आगामी चुनाव के बाद राज्य में शिरोमणि अकाली दल की सरकार सत्ता में आएगी। वहीं दूसरे स्थान पर रहने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच में टक्कर है।

किसानों के समर्थन में आंदोलन
भारत माला प्रोजेक्ट में किसानों को भूमि अधिग्रहण के दौरान ज़मीन की उचित दर नहीं मिलने को लेकर पंजाब में शिरोमणि अकाली दल किसानों के समर्थन में आंदोलन की शुरुआत करने जा रही है। शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि 29 सितंबर को शिरोमणि अकाली दल विरोध मार्च भी करेगी। पंजाब के 19 जिलों में ऐसे दो लाख किसानों का भविष्य बचाने के लिए शिरोमणि अकाली दल ने आंदोलन शुरू करने का एलान किया है। कांग्रेस सरकार द्वारा भारत माला प्रोजेक्ट के तहत बनाई जा रही विभिन्न सड़कों के लिए बहुत कम दरों पर अधिग्रहण किया गया है। इससे प्रभावित सभी लोगों को न्याय दिलाने के लिए शिरोमणि अकाली दल 29 सितंबर को मोहाली से चंडीगढ़ में CM आवास तक विरोध मार्च करेगी।

सरकार ने बहुत ही कम मुआवज़ा दिया
शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने अभियान की अगुवाई कर रही पंजाब प्रदेश रोड किसान संघर्ष कमेटी के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान यह फ़ैसला लिया। शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखदेव सिंह ढिल्लों ने कहा कि किसानों को कांग्रेस सरकार ने बहुत ही कम मुआवज़ा दिया है और ग्रामीण और शहरी जमीनों के लिए सिर्फ़ 30 से 70 लाख तक की राशि ऑफर की जा रही है। सड़क प्रोजेक्ट के लिए अधिग्रहित की जा रही ग्रामीण जमीन के लिए एक करोड़ रुपये प्रति एकड़ राशि और वहीं शहरी जमीन के लिए तीन से पांच करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की जा रही है। शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर पंजाब के राज्यपाल से मुलाक़ात की और प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा देने की मांग संबंधी ज्ञापन भी सौंपा।
ये भी पढें: पंजाब: कांग्रेस आलाकमान से मुलाक़ात के बाद कैसे बदले जाखड़ के सुर ? जानिए क्या है मामला












Click it and Unblock the Notifications